राजा भइया को कभी तलाक नहीं दूंगी : भानवी
प्रतापगढ़, अमृत विचार। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया से उनकी पत्नी का तलाक लेने का मामला चर्चा में हैं। इस मुद्दे पर सोमवार को राजा भइया की पत्नी भानवी सिंह ने कोर्ट में जवाब दाखिल करने के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब हुई। कहा कि वह राजा भइया को कभी तलाक नहीं देंगी। किसी भी हालत में परिवार को टूटने नहीं देंगी। कहा कि मामला अभी न्यायालय में है। तलाक को लेकर जो भी कहना था कोर्ट को बता चुकी हूँ। हमेशा एक ही परिवार में रहूंगी। बच्चों के बारे में भानवी सिंह ने कहा कि उनका भविष्य अच्छा रहेगा, तलाक हम कभी नहीं देंगे। बाकी सब कुछ लिखित रूप से न्यायालय में दे चुकी हूं।
भानवी ने रघुराज पर लगाये हैं गम्भीर आरोप
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया ने तलाक लेने के लिए दिल्ली के साकेत कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। उनकी पत्नी भानवी सिंह ने दिल्ली की साकेत कोर्ट में राजा भइया पर मारपीट व अवैध संबंधों के भी आरोप लगाए हैं। भानवी सिंह ने कोर्ट को बताया कि वह अपने बच्चों की पढ़ाई दिल्ली में करवा रही हैं। भानवी सिंह ने आरोप लगाया है कि अप्रैल 2015 में उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की गई थी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि उन्होंने साफतौर पर तलाक से इनकार किया है।
1995 में हुई थी शादी
राजा भइया की भानवी सिंह के साथ शादी वर्ष 1995 में हुई थी। शादी के समय राजा भइया की उम्र लगभग 25 वर्ष थी, दोनों की चार संतानें हैं। कुछ वर्षों से दोनों के रिश्तों में खटास आना शुरू हो गई थी। इस बीच भानवी सिंह राजा भइया से अलग होकर अपने दिल्ली स्थित आवास पर रहने लगी थीं।
यह भी पढ़ें : अयोध्या : रुदौली के दो लेखपालों समेत तीन पर दर्ज हुआ लूट का केस
