रुद्रपुर: सीडीओ ने किया 30.88 करोड़ की लागत से बन रहे बहुद्देशीय हॉल का निरीक्षण
कार्यदायी संस्था को दिये दिसंबर 2023 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
कहा-गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं
रुद्रपुर, अमृत विचार। मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा ने मनोज सरकार स्टेडियम पहुंचकर 30.88 करोड़ की लागत के निर्माणाधीन बहुद्देशीय हॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हॉल निर्माण कार्य दिसंबर 2023 तक हर हाल में पूर्ण करने और निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जायेगा।
सोमवार को सीडीओ ने यह निर्देश स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान दिये। उन्होंने कार्यदायी संस्था को यह भी निर्देश दिये कि निर्माण कार्य में यह भी जानकारी दी जाए कि लैब में जिस निर्माण सामग्री की जांच कराई जा रही है, वही परीक्षण युक्त मटेरियल निर्माण कार्यों में उपयोग किया जाये।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए हॉल में सभी आवश्यक कार्य किये जाये और यदि कहीं पर बदलाव की आवश्यकता हो तो उसका प्रस्ताव बनाया जाये। उन्होंने खिलाड़ियों के बैठने, रुकने की व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, वॉशरूम, प्रशासनिक भवन, बहुद्देशीय हॉल से पानी की निकासी का भी विकल्प रखने, प्रवेश द्वारों, मीडिया कवरेज के लिए पत्रकारों के लिए की जा रही व्यवस्था आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
उन्होंने वेलोड्रम निर्माण कार्य शीघ्रता से शुरू कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी गिरीश कुमार, जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, जेई सत्यम पांडे आदि उपस्थित थे।
