पीलीभीत: औद्यानिक फसलों के लिए लक्ष्य आवंटित, किसानों को मिलेगा अनुदान.. प्रशिक्षण देकर करेंगे तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। औद्यानिक फसलों के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए विभिन्न फसलों का लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है।  इच्छुक किसानों को उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से 40 से 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। लाभान्वित होने के लिए किसानों को विभाग में अपना पंजीकरण कराना होगा।

जिसके बाद किसान पहले आओ पहले पाओ के आधार पर लाभ उठा सकेंगे। बता दें कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत आम, अमरूद, लीची उद्यान रोपण पांच-पांच हेक्टेयर, पपीता दो हेक्टेयर लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा शिमला मिर्च 10, टमाटर  30, पात गोभी 20, फूलगोभी 23, मिर्च 20, प्याज 50, लहसुन 20, कुकुरबिट्स, गेंदा के लिए 10 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित हुआ है।

सब्जी और पुष्प की खेती प्रति हेक्टेयर पर 40 प्रतिशत अनुदान के दृष्टिगत प्रति किसान को 0.2 से 0.4 हेक्टेयर तक बीज एवं जैविक खाद व दवा पर अनुदान  मिलेगा। औद्यानिक फसलों के गुणवत्तायुक्त उत्पादन के लिए विशेषज्ञों द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

वेंटिलेटेड पॉलीहाउस व नेट हाउस की स्थापना में 50 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा। जिसमें प्रत्येक लाभार्थी 500 वर्ग मीटर से 4000 वर्ग मीटर तक लाभ प्राप्त कर सकेगा। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के किसानों के लिए औद्यानिक विकास योजना के तहत अधिकतम 0.2 हेक्टर के लिए कद्दू वर्गीय सब्जी की खेती सात हेक्टेयर, शिमला मिर्च चार, टमाटर छह, हेक्टेयर लक्ष्य तय है।

जिसमें लागत के सापेक्ष 75 प्रतिशत अनुदान देय होगा। पीएम केएसवाई योजना के तहत कृषि एवं गन्ना आदि फसलों के लिए ड्रिप या फुब्बारा स्थापित करने पर 75 से 90 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।

इसके अलावा गुड उद्योग, दाल मिल, आटा चक्की, तेल उद्योग, पनीर, बेकरी, मुरब्बा उद्योग की स्थापना  प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत की जा सकेगी। उद्योग की स्थापना होने पर 35 प्रतिशत की दर से अधिकतम दस लाख रुपये सीमा तक क्रेडिट लिंक्ड अनुदान मिलेगा।

औद्यानिक फसलों के लिए लक्ष्य तय कर दिया गया है। जिसमें अनुदान की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए किसान को विभाग में पंजीकरण कराना होगा। इच्छुक किसन कार्यालय से संपर्क कर विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। - बाली शरण चौधरी, जिला उद्यान अधिकारी

संबंधित समाचार