लखनऊ : रक्षाबंधन को लेकर आसमान में पहुंचा विमानों का किराया, ट्रेनों में जगह नहीं
लखनऊ, अमृत विचार। रक्षाबंधन त्योहार को लेकर विमानों का किराया आसमान छूने लगा है। ट्रेनें फुल होने के चलते दूर शहरों से आने वाले यात्रियों के पास अब हवाई सफर का ही विकल्प बचा है।
दूसरे राज्यों से लखनऊ आने के लिए मारामारी है। मुम्बई से लखनऊ के लिए सुबह की उड़ान का किराया 27 हजार के पार हो गया है। जयपुर का किराया 10 हजार रुपये के उपर है, लखनऊ से बाहर रह कर बड़ी संख्या में युवा नौकरी या पढ़ाई कर रहे हैं। ट्रेन में जगह नहीं तो बड़ी संख्या में लोग विमानों का रुख कर रहे हैं। नतीजतन 30 अगस्त के लिए किराया बहुत अधिक महंगा है। सीधी उड़ानों में सीटें गिनी चुनी हैं।
मुम्बई से लखनऊ के बीच एयर इंडिया की एआई 625 का किराया 27 हजार 308 चल रहा है। इसी तरह आकासा एयर की क्यूपी 1624 का किराया 24 हजार 399 चल रहा है। एयर इंडिया की उड़ान दिन में 11:10 और आकासा की 7:50 बजे सुबह की है। इसी दिन दिल्ली से लखनऊ की उड़ान का किराया भी आसमान पर है। एयर इंडिया की एआई 411 का किराया 13 हजार 514 रुपये है। जयपुर से लखनऊ के बीच इंडिगो की उड़ान 6ई 7319 का किराया 12 हजार 897 रुपये चल रहा है। पुणे से लखनऊ का किराया 7912 रुपये पहुंच गया है।
शाम की फ्लाइट होती है सस्ती
विमान कंपनियों के मुताबिक त्योहार को लेकर उड़ानों का किराया अचानक बढ़ जाता है। अक्सर सुबह या शाम की फ्लाइटों के टिकट की कीमत बढ़ जाती है जबकि अन्य का किराया सामान्य रहता है। यदि सुबह के समय किराया अधिक है तो दोपहर बाद या शाम की उड़ान का चयन करे। अधिक पैसा खर्च नहीं होगा। इसी तरह सस्ते के चक्कर में कनेक्टिंग उड़ानों से बचें कई बार उड़ान लेट होने पर आगे की यात्रा में दिक्कत आ जाती है।
ये भी पढ़ें -राजा भैया पर पत्नी के आरोपों पर एमएलसी अक्षय प्रताप का पलटवार, कहा - भानवी की मानसिक स्थित ठीक नहीं
