हल्द्वानी: जेबरा क्रांसिग समेत ट्रैफिक लाइट से लैस होंगे चौराहे
चौराहों का चिह्नीकरण कर रिपोर्ट डीएम को भेजी
16.50 करोड़ रुपये की लागत से होना है कार्य
हल्द्वानी, अमृत विचार। लोक निर्माण विभाग शहर के 14 चौराहों पर जेबरा क्रांसिग बनाने के साथ ही ट्रैफिक लाइट से लैस करने की योजना बना रहा है। वहीं इन चौराहों का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। इस कार्य के लिए 16.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके लिए लोनिवि ने डीपीआर तैयार कर ली है।
शहर के 14 चौराहे जल्द ही ट्रैफिक लाइट से जगमगाएंगे। इसके लिए सड़क सुरक्षा समिति ने इन चौराहों का निरीक्षण भी कर लिया है। वर्तमान समय में शहर के चौराहे संकरे हो गए हैं, जिससे आए दिन ट्रैफिक की समस्या से लोग जूझते नजर आते हैं। लेकिन इन चौराहों का चौड़ीकरण कर सुधार किया जाएगा।
वहीं चौड़ीकरण कार्य के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंप दी गई है। डीएम ने बजट उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर के अधिकारियों के संज्ञान में डाल दिया है। शासन से धन आवंटन के लिए पूरे कार्य की डीपीआर शासन स्तर पर भेजी जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि चौराहों का चिह्नीकरण कर डीएम को रिपोर्ट सौंप दी गई है। जल्द ही कार्य की डीपीआर शासन में भेजी जाएगी और धन आवंटन होते ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: दिल्ली नंबर की कार ने भाइयों को मारी टक्कर, हालत नाजुक
