काशीपुर: उत्तराखंड से भाजपा लोकसभा की पांचों सीटे जीतेगी - निशंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा का उत्तराखंड में संगठन गांव-गांव नहीं घर-घर तक मजबूत है। यहां हर कार्यकर्ता योद्धा की तरह कार्य करता है। इसलिये उत्तराखंड से भाजपा लोकसभा की पांचों सीटे जीतेगी और मोदी के नेतृत्व में फिर से अगली सरकार होगी।

पूर्व सीएम निशंक शनिवार को मंडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान सभी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। आज हम चंद्रमा पर पहुंच गये हैं और अब सूर्य पर पहुंचने की तैयारी है। जिसकी यात्रा शुरू हो गई है। कहा कि पूरी दुनिया में मोदी की अगुवाई में हिंदुस्तान शिखर पर रहेगा। इस बात को दुनिया भी समझ गई है। कहा कि पहली बार प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में जी-20 की अगुवाई भारत को मिली है।

पहली बार विकसित देश इकट्ठा होकर भारत की धरती पर खड़े हो रहे हैं। देश के 50 से अधिक शहरों में जी-20 के कार्यक्रम हो रहे हैं। निशंक ने कहा कि देश बदल रहा है, लेकिन कांग्रेस अभी भी अंधेरे में तीर मार रही है। यदि एक राष्ट्र एक चुनाव होता है तो विपक्ष को क्या दिक्कत है, वह क्यों घबरा रहे हैं।

विपक्ष को इसके लिये एक कदम आगे आना चाहिए। कहा कि पिछले दिनों लोकसभा में 21 बड़े कानून पास किये। जो देश का इतिहास बदलने में सक्षम हैं, लेकिन विपक्ष ने इस पर चर्चा ही नहीं की। विपक्ष के लिये देश कुछ नहीं पहले सत्ता है। जबकि भाजपा व उसके सहयोगी दलों का एक ही एजेंडा है कि पहले राष्ट्र और फिर दल की राजनीति। कहा कि उत्तराखंड की धरती मोदी से जुड़ी है। प्रदेश में विकास भी करेंगे, आगे ले जाएंगे और इतिहास भी बनाएंगे। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम का गर्मजोशी से स्वागत किया।

संबंधित समाचार