रुद्रपुर: थाना पंतनगर-सिडकुल पुलिस ने दबोचे दो शातिर बाइक चोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। सिडकुल इलाके में हो रही ताबड़तोड़ बाइक चोरियों के बाद थाना पंतनगर व सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने दो ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर दस चोरी की बाइकें बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

रविवार को खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल और सिडकुल चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार कोहली ने बताया कि पिछले कई दिनों से सिडकुल इलाके में खड़ी बाइक लगातार चोरियां हो रही थी।

इसी को ध्यान में रखते हुए पंतनगर और सिडकुल चौकी की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया और सीसीटीवी फुटेज व सुरागरसी के बाद दो सितंबर की मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डेक्कन कंपनी के समीप चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस को बिना नंबर प्लेट की एक बाइक आती हुई दिखाई और जब रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार भागने की कोशिश करने लगा।

पुलिस ने घेराबंदी कर राजा कॉलोनी थाना ट्रांजिट कैंप निवासी दीपक शर्मा को दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखी हुई चोरी की दस अन्य बाइकें भी बरामद की। पुलिस ने आरोपी के साथी वार्ड-आठ शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी अजय सागर को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों ही शातिर बाइक चोर हैं और बाइकों को चुराने के बाद तत्काल बेच देते हैं। जो बाइकें नहीं बिक पाती थी उसे झाड़ियों के बीच छिपाकर मौके की तलाश करते हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
 
अपना गिरोह बना चुका है दीपक शर्मा
रुद्रपुर। दस बाइकों की बरामदगी के बाद गिरफ्तार आरोपी दीपक शर्मा को पुलिस ने ऑटो लिफ्टर गैंग का सरगना माना है। कारण पकड़ा गया अजय सागर भी दीपक के इशारे पर रेकी करता है और बाइकों को चुराकर ठिकाने लगाता है। इसके लिए सरगना ने अपना पूरा नेटवर्क बना रखा था। बाइक चुराने के साथ ही उसे यूपी ले जाकर बेचना या फिर बाइकों को नेपाल भिजवाने का काम भी आरोपी दीपक ही देखता था। जिसके बाद पुलिस ने पूछताछ के बाद कई अहम जानकारियां जुटा ली हैं।
 
मास्टर चाबी से खोल देते थे कोई भी बाइक
रुद्रपुर। ऑटो लिफ्टर गैंग के सरगना दीपक ने अपने सभी साथियों को बाइक चुराने के लिए मास्टर चाबी बनाकर दे रखी थी। इस चाबी की खास बात यह है कि कंप्यूटर रहित कोई भी बाइक को इस चाबी से खोला जा सकता था। जिसमें समय के साथ-साथ बाइक आसानी से खुल जाती थी। चाबी कहां से और किसने बनवाई है यह अपने गुर्गों को नहीं बताता था। खुलासे के दौरान भी एसपी सिटी ने इसी चाबी से बरामद बाइकों के लॉक खोल डाले।
 

बाइक चोर गैंग के सरगना की गिरफ्तारी के बाद कई बाइकें थाना ट्रांजिट कैंप इलाके से भी चोरी हुई है। पुलिस को आशंका है कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के नेटवर्क के सदस्य भी बाइक चुरा सकते हैं। ऐसे में पूरे नेटवर्क की कुंडली खंगालने के बाद बाइक चोरियों का खुलासा किया जाएगा।
-प्रदीप कुमार कोहली, चौकी प्रभारी, सिडकुल

संबंधित समाचार