हल्द्वानी: पीटा और बोला, मारकर फेंक दूंगा लाश भी नहीं मिलेगी
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमीन खाली कराने के लिए ऑटो पार्ट्स का काम करने वाले व्यक्ति ने दोस्तों के साथ मिलकर मकैनिक को बुरी तरह पीट दिया। उसे धमकाया कि मारकर फेंक देगा और फिर कभी उसकी लाश नहीं मिलेगी। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में आदर्शनगर निवासी कीर्ति उर्फ राजू पुत्र लाला राम ने पुलिस को बताया कि वह अकेला, कमजोर और बीमार व्यक्ति है। गुजारे के लिए वह तिकोनिया कैंट के स्थित मंदिर के पास डेंटिंग पेंटिंग का काम करता है। उसके बर्तन और काम-काज का सारा सामान लोहे के एक बॉक्स में है।
आरोप है कि पास ही शिवम की ऑटो पार्टस की दुकान है। शिवम अपने दोस्तों के साथ उसके पास आया और कहा जिस जमीन पर वह काम कर रहा है, उस जमीन को उसने खरीद लिया है। अगर सामान नहीं हटाया तो वह खुद सामान फेंक देगा। इस पर विवाद हुआ और शिवम ने साथियों के साथ मिलकर उसे पीट दिया। साथ ही धमकाया कि तुझे गाड़ी में रखकर फेंक दूंगा, तेरी लाश का भी पता नहीं चलेगा।
