मुरादाबाद: बिटिया को राह चलते छेड़ा, घर में घुसकर की तोड़फोड़ और फायरिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित महिला ने बेटों की शिकायत की तो पिता बोला-बेटा जवान हो चुका है

मुरादाबाद, अमृत विचार। सर, मोहल्ले का लड़का आए दिन मेरी बेटी को राह चलते छेड़ता है, अश्लील हरकते करता है। उसके बाप से शिकायत की तो वह बोलता है उसका बेटा जवान है तो वह क्या करे...। फिर आधी रात में अपने भाई संग उसके घर घुस आया, गाली-गलौज कर घर में तोड़फोड़ की और तमंचे से फायरिंग भी की। सर मैं बहुत परेशान हूं, मेरे पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। कुछ इस तरह महिला ने 30 अगस्त के दिन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हेमराज मीना से आपबीती बताकर मदद की गुहार लगाई थी। यह दबंगई मझोला थाना क्षेत्र में जयंतीपुर मोहल्ला निवासी इरफान के दोनों बेटों की है। इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर थाना पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर दोनों भाइयों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।

यह मामला जयंतीपुर टंकी के निकट रिवानिया मस्जिद के पास के रहने वाले इरफान के बेटे फरमान व अरमान से जुड़ा है। पीड़िता का आरोप है कि फरमान ने उसकी बेटी का घर से बाहर आना-जाना मुश्किल कर दिया है। उसकी बेटी की निरागनी करता है, जैसे ही वह घर से बाहर निकलती है तो आरोपी उसे रास्ते में रोककर छेड़ता है। पीड़िता ने बताया कि 26 अगस्त की रात 12:30 बजे फरमान अपने भाई अरमान संग उसके घर में घुस आया। वे गालियां देने लगा। 

घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, महिला डर की वजह से दरवाजा नहीं खोल रही थी। लेकिन, दोनों भाइयों ने जबरन दरवाजा खोल लिया और घुस आए। घर पर महिला का पति भी नहीं था। उसका पति दिल्ली में नौकरी करता है। महिला का आरोप है कि फरमान ने तमंचा से फायर किया और बोला, वह पीड़िता और उसकी बेटी को भी मार डालेगा। 

दोनों भाइयों के गुस्से को देख महिला ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग उसके घर आ गए। जिन्हें देखकर दोनों धमकी देते हुए मौके से चले गए। महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को बताया था कि वह इस घटना के बाद से बहुत डरी-सहमी है। उसके साथ दोनों भाई कभी भी कोई अनहोनी कर सकते हैं। महिला ने कहा कि अपनी व बेटी की जान को खतरा बताया है। एसएसपी के निर्देश पर मझोला थाना पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में आरोपी फरमान व अरमान के खिलाफ अपराधिक बल प्रयोग करने, शांति भंग के इरादे से जानबूझकर अपमानित करने और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।

मोहल्ला जयंतीपुर में 26 अगस्त की घटना मेरी जानकारी में नहीं है। वैसे मंगलवार को मैं कोर्ट में था। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जानकारी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई करेंगे। - मोहित चौधरी, थाना प्रभारी-मझोला

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: थाने जा रहे पिता-पुत्र को दबंगों ने आंबेडकर पार्क से घर तक दौड़ाकर पीटा, जानिए क्या है मामला?

संबंधित समाचार