हल्द्वानी: फ्रंटलाइन कंपनी के मालिक पर मुकदमा, 20 लाख का किया गबन
कंपनी के अधिकारियों ने स्टॉकिस्ट बनाने के एवज में लिए थे 25 लाख रुपये
वापस किए 5 लाख रुपये, फिर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर के व्यापारी ने फ्रंटलाइन कंपनी के अधिकारियों पर जालसाजी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि स्टाकिस्ट बनाकर उनसे पैसे ऐंठ लिए गए।
एसएसपी पंकज भट्ट को दी शिकायत में सतीश कालोनी वार्ड 7 मुखानी निवासी पुलकित अग्रवाल पुत्र मदन मोहन अग्रवाल ने कहा, वर्ष 2021 में विनोद जोशी नाम का व्यक्ति खुद को फ्रंटलाइन कंपनी का एरिया मैनेजर बताकर उनसे मिला। उसने बताया कि फ्रंटलाइन की जुड़ी दूसरी कंपनी इच्छापूर्ति के बारे में बड़ी-बड़ी बातें बताईं और पुलकित को निवेश के लिए राजी कर लिया।
विनोद ने संजय सिन्हा व योगराज शर्मा को कंपनी का डायरेक्टर बताया और दिन रीजनल सेल्स मैनेजर राहुल अग्रवाल के जरिये संजय सिन्हा और पुष्पेश सिन्हा से बात कराई। जिन्होंने बताया कि 20 लाख इन्वेस्टमेंट स्टॉक के अगेंस्ट सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में कंपनी के पास जमा रहेगी। आसपास के एरिया में जितने भी बिजनेस पार्टनर होंगे उन्हें आप माल सप्लाई करेंगे।
दावा किया कि इससे उन्हें 8 लाख माह तक की आय होगी। भरोसे में आकर पुलकित ने सिक्योरिटी मनी समेत 25 लाख रुपए कंपनी को ट्रांसफर कर दिए। पैसे लेने के बाद पहले तो कम्पनी ने संपर्क तोड़ दिया। बार-बार बोलने पर टूटा फूटा और लगभग एक्स्पायर्ड हो चुका माल भेजा।
बाद में पता लगा कि कंपनी ने कई व्यापारियों को स्टाकिस्ट बनाने के नाम पर 20-20 लाख रुपये ले लिए हैं। ऐसे में पुलकित ने कंपनी के साथ काम न करने का फैसला लिया और कंपनी से पैसे वापस मांगे। कंपनी ने 5 लाख तो जैसे तैसे दे दिए, लेकिन बाकी की रकम के लिए टाल मटोल करने लगे। फिर उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जानी लगी।
