अल्मोड़ा: स्याल्दे की विनोद नदी में बहा व्यापारी, शव बरामद 

बाजार से घर जाते समय पांव फिसलने से हुआ हादसा 

अल्मोड़ा: स्याल्दे की विनोद नदी में बहा व्यापारी, शव बरामद 

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के स्याल्दे विकास खंड में रविवार की देर शाम विनोद नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से एक व्यापारी की मौत हो गई है। सोमवार को व्यापारी  का शव केदार पुल के पास से बरामद किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

स्याल्दे विकास खंड के कैहड़गांव निवासी चंदन राम (55) पुत्र खीमराम स्याल्दे में टेलर की दुकान चलाते थे। रविवार की देर शाम वह दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर की ओर लौट रहे थे। रास्ते में वह विनोद नदी को पार करने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन नदी का बहाव काफी तेज होने के कारण नदी के बीच में उनका पांव फिसल गया और वह नदी में बह गए।

देर रात तक घर ना पहुंचने पर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उनकी काफी खोजबीन की। लेकिन उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा। सोमवार की सुबह कुछ लोगों ने भिकियासैंण से लगे केदार पुल के पास नदी में एक शव पड़ा देखा। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आनन फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।

जिसके बाद देघाट थाने के एसआई देवेंद्र सामंत, गणेश राणा, सुरेंद्र कुमार, मनोज पांडे, व्यापार मंडल अध्यक्ष दर्शन जोशी मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त कैहड़गांव निवासी चंदन राम के रूप में की गई। पुलिस अधिकारियों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों के आने के बाद पंचनामे की कार्रवाई की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

अचानक हुए इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। विधायक प्रतिनिधि हरी राम आर्या सोमवार को मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। एसआई सामंत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।