लखनऊ जंक्शन पर कड़ी सुरक्षा को भेदकर बन्दरों ने डाक पार्सल को किया तहस-नहस
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 6 पर बुधवार को दिन में 3:50 बजे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मॉकड्रिल चल रहा था,स्टेशन पर तमाम आला अफसर, सुरक्षा एजेंसियों सहित सुरक्षा बल के जवान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल में व्यस्त थे। उसी दरमियान बन्दरों के झुण्ड ने लखनऊ जंक्शन के प्लेटफार्म धावा बोलकर डाक पार्सल के बोरो को फाड़कर ज़रूरी कागजात चेक करने शुरू कर दिए।
इतना ही नही प्लेटफार्म पर बोरो के अंदर बन्द लिफाफों का डाक निकालकर उनमे मौजूद महत्वपूर्ण डॉक्युमेंट्स फाड़कर टुकडे़-टुकड़े कर डाला। तमाम लिफाफों में बंद डॉक्युमेंट्स फ़टे हुए प्लेटफार्म पर बिखरे पड़े थे। प्लेटफार्म पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने इसको रोकना तक मुनासिब नहीं समझा। रेल प्रशासन की लापरवाही आम पब्लिक के जरुरी कागजातों पर भारी पड़ी। यात्रियों ने इसे रेल प्रशासन की लापवाही बताया। यात्रियों का कहना था कि जब बंदरों को नहीं रोक पा रहे हैं तो सुरक्षा व्यवस्था कैसे पुख्ता कर पायेंगे।
यह भी पढ़ें : केजीएमयू के जिस इमारत में होता है अंग प्रत्यारोपण, उसकी पार्किंग में संक्रमण का खतरा
