मुरादाबाद : प्रधान जगवती को मिला स्वच्छ सर्वेक्षण स्वच्छता पुरस्कार, जताई खुशी
लखनऊ में प्रमुख सचिव पंचायती राज व कृषि उप निदेशक ने किया सम्मानित, प्रदेश में चयनित 60 ग्राम पंचायतों में जनपद की भरतावाला भी शामिल
मुरादाबाद, अमृत विचार। ठाकुरद्वारा ब्लॉक में स्वच्छ सर्वेक्षण मिशन को लेकर चयनित किए गए गांव भरतावाला की प्रधान को लखनऊ में प्रमुख सचिव पंचायती राज व कृषि उप निदेशक द्वारा स्वच्छता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधान जगवती देवी ने बताया कि वह गांव को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत रही हैं। लोगों को हर सुविधा मिले इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में चयनित 60 ग्राम पंचायतों में जिले की भरतावाला भी शामिल है।
जिले के ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ सर्वेक्षण मिशन 2023 के अंतर्गत स्वच्छता के पैमाने को लेकर अगस्त में दिल्ली और लखनऊ से आई टीम ने जिले की कई ग्राम पंचायतों का सर्वे किया था। जिसमें ठाकुरद्वारा ब्लॉक की ओडीएफ प्लस (खुले में शौच मुक्त) ग्राम पंचायत भरतावाला का भी सर्वे हुआ था। टीम के सदस्यों ने घर-घर जाकर स्वच्छता, घरों में बने शौचालयों, सामुदायिक शौचालय की जानकारी करने के साथ ही ग्राम पंचायत में बने हुए आरसी सेंटर पर स्वयं सहायता समूह द्वारा किए जा रहे कूड़े के निस्तारण का भी निरीक्षण किया।
साथ ही टीम ने प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए बने अलग-अलग शौचालयों का भी निरीक्षण किया। टीम ने हाथ धोने की व्यवस्था आंगनबाड़ी केंद्र का बाल शौचालय और महिलाओं को सेनेटरी पैड वितरण की भी जानकारी की। वहीं, आरसीसी सड़कों का निर्माण शॉकपिट(सोख्ता) गड्ढा, हैंडपंप, डोर टू डोर ओडीएफ की जांच की थी जो पूरी मिली थी। सोमवार को ग्राम प्रधान जगवती देवी को लखनऊ में पंचायती राज निदेशक कार्यालय में प्रमुख सचिव पंचायती राज प्रवीणा चौधरी व उप कृषि निदेशक मनोज कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मैं गांव के लोगों की सेवा में लगी रहती हूं। प्रत्येक परिवार के दुखदर्द में काम आना अपना धर्म समझती हूं। साफ-सफाई में भी लोग मेरा साथ देते हैं। निर्माण कार्य में भी लोगों ने सहयोग दिया। सभी के सहयोग से मुझे यह पुरस्कार मिला है।-जगवती देवी, प्रधान भरतावाला
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : रेलवे अस्पताल के डॉक्टर ने दुष्कर्म का वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, अब दहेज में मांग रहा 50 लाख रुपये
