देहरादून: प्रवासी उत्तराखंडी साल में एक बार अपने प्रदेश अवश्य आएं

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

देहरादून, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लंदन पहुंचने पर उनके स्वागत में प्रवासी भारतीयों एवं उत्तराखंड के निवासियों द्वारा रंगारंग स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रवासी उत्तराखंडियों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोक गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी।

इस दौरान प्रवासी भारतीय उत्तराखंड के पारंपरिक परिधानों में नजर आए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रवासी उत्तराखंडियों से आह्वान किया कि वह साल में एक बार अपने प्रदेश उत्तराखंड जरूर आएं। कहा कि, उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में इन्वेस्टर समिट की बैठक में लंदन आने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।

लंदन में उत्तराखंड के लोगों को इतनी बड़ी संख्या में मौजूद देखकर प्रतीत हो रहा है कि यूके में भी उत्तराखंड का छोटा यूके बसता है। देव, योग व अध्यात्म की भूमि के साथ ही उत्तराखंड देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। हमें गर्व है कि हमारी जड़ें उत्तराखंड से जुड़ीं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। विदेशों में भी एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। हाल में ही चंद्रयान-3 का सफल प्रक्षेपण और चंद्रमा पर सेफ लैंडिंग इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है।

संबंधित समाचार