हल्द्वानी: विधायक सुमित ने क्यों कसा कटाक्ष 'ड्रेसिंग रूम' से संदेश के बाद बैकफुट पर 'कप्तान' ...!
हल्द्वानी, अमृत विचार। बेहद चर्चित रिवर व्यू रिसॉर्ट के कैसीनो कांड का खुलासा कर पुलिस ने श्रेय तो लूटा, लेकिन खुद ही कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए। इन्हीं सवालों में से एक रिसॉर्ट के मालिक का नाम जानने के लिए विधायक सुमित हृदयेश पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी मालिक का नाम नहीं बताया।
इस मामले में विधायक सुमित हृदयेश साथियों के साथ एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा से मिलने पहुंचे थे, लेकिन वह मौजूद नहीं थे। इस पर उन्होंने एसपी सिटी हरबंस सिंह को ज्ञापन सौंपा और रिसॉर्ट के मालिक का नाम पूछा। एसपी सिटी ने जांच का हवाला दिया। जिसके बाद विधायक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा, रिसॉर्ट की घटना के पीछे सत्ताधारी राजनीतिक दल से जुड़े लोगों का हाथ है और इसी वजह से पुलिस मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं कर रही। अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी यहीं हुआ और इसी वजह से महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। विधायक ने इस मामले में एक सप्ताह के भीतर पुलिस से जवाब मांगा है अन्यथा सड़क पर उतर कर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, बहादुर सिंह बिष्ट, सुहेल सिद्दीकी, जाकिर हुसैन, गोविंद बगड़वाल, नीमा भट्ट, मुकुल बल्यूटिया, जगमोहन चिलवाल, शोभा बिष्ट, गुरप्रीत सिंह प्रिंस, दीप पाठक, दीपा बिष्ट आदि थे।
'ड्रेसिंग रूम' से संदेश के बाद बैकफुट पर 'कप्तान'
हल्द्वानी : विधायक ने बेहद सधे अंदाज में सत्ता और कप्तान प्रह्लाद नारायण मीणा पर कटाक्ष किया। उन्होंने कप्तान ने आते ही चौके मारने शुरू कर दिए और वो छक्का मारने जा रहे थे तभी ड्रेसिंग रूम से संदेश आ गया। जिसके बाद फार्म में होने के बावजूद कप्तान छक्का मारने के बजाय बैकफुट पर आ गए।
