काशीपुर: तमंचा व चाकूओं के साथ तीन चोर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने एक तमंचा व दो चाकूओं के साथ तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। तीनों चोर शातिर किस्म के अपराधी है तथा नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

कोतवाली में सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि बीते 30 सितंबर को मोहल्ला अल्ली खां तीन टावर के पास निवासी मोहसिन के घर से अज्ञात चोर एक मोबाइल फोन, एक चांदी की अंगूठी, पर्स में रखे 400 रुपये व जरूरी दस्तावेज चुराकर ले गए थे। सुबह उठने पर उन्हें चोरी का पता चला। मामले में बांसफोड़ान चौकी प्रभारी सुनील सुतेड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों खंगाले।

इस बीच पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चोरी की योजना बनाते हुए तीन शातिर चोरों को कब्रिस्तान के पास काली बस्ती रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों के पास से एक 315 बोर का तमंचा मय कारतूस व दो चाकू बरामद किये। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राकेश कुमार उर्फ विधायक निवासी आर्यनगर, बंटी सैनी उर्फ लंगड़ा निवासी कटोराताल तथा मोहम्मद रब्बानी निवासी ग्राम कुंडा बताया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोहसिन के घर से भी उन्होंने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया था। निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। राकेश उर्फ विधायक पर पूर्व में भी कई अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि तीनों नशे के आदी हैं तथा नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, एसएसआई  प्रदीप मिश्रा, बांसफोड़ा चौकी प्रभारी सुनील सुतेड़ी, एएसआई अजीत सिंह, हैड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल ताराचंद, सुरेंद्र सिंह, कैलाश चन्द्र, जगदीश भट्ट शामिल रहे।

संबंधित समाचार