हल्द्वानी: मानपुर पश्चिम में पड़ोसी ने दंपत्ति को धुना, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक दंपत्ति ने पड़ोसी परिवार पर गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने  की धमकी देने का आरोप लगाया है। दंपत्ति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

अशोक जोशी पुत्र स्व.चिंतामणि जोशी निवासी मानपुर पश्चिम ने पुलिस को तहरीर सौंप कर बताया कि पड़ोस में जगदीश बिष्ट का मकान है। आरोप लगाया कि जगदीश बिष्ट और उसका परिवार आए दिन शिकायतकर्ता के साथ गालीगलौज व मारपीट करता है।

बीती 25 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह निजी काम से देवलचौड़ चौराहे गया था। जब वह घर पहुंचा ही था कि इस बीच जगदीश बिष्ट का पुत्र मोहित बिष्ट पहुंचा और जबरन चंदर सिंह नेगी के घर ले गया। वहां गाली गलौज करते हुए बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। इस बीच जगदीश बिष्ट मौके पर पहुंचे और चंदर नेगी का घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। बाद में शिकायतकर्ता की पत्नी पूजा मौके पर पहुंची तो किसी तरह दरवाजा खोला।

तभी मोहित बिष्ट की मां ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर शराबा होने पर भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ में से किसी ने कमरे का दरवाजा खोला। जब वह बाहर को  भागे तो हमलावरों ने उन्हें घसीट-घसीट कर पीटा। बाद में लोगों ने बीच बचाव किया तो जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

शिकायतकर्ता ने बेस अस्पताल में मेडिकल कराया। बीती 26 अगस्त को इसकी शिकायत टीपी नगर पुलिस चौकी में की। शिकायत पर पुलिस ने करीब सवा माह बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार