रुद्रपुर: थाना आईटीआई के रात्रि ड्यूटी दरोगा और चार सिपाही निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। एसपी सिटी की रात्रि चेकिंग में रात्रि ड्यूटी से नदारद पाए जाने पर थाना आईटीआई के दरोगा और चार सिपाही पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की संस्तुति की। जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

बताते चलें कि शुक्रवार की देर रात एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह 11 बजे के करीब रात्रि ड्यूटी की चेकिंग पर निकले। जैसे ही वह थाना आईटीआई पहुंचे तो वहां रात्रि ड्यूटी पर तैनात रात्रि अधिकारी दारोगा प्रकाश विश्वकर्मा, चालक प्रकाश, हमराह जगदीश पाठक, 112 हेल्पलाइन नंबर में तैनात ललित कुमार और सिपाही भरत बिष्ट नदारद पाए गए। जब एसपी सिटी ने रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के नदारद होने का कारण पूछा तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और न ही रात्रि ड्यूटी के पुलिसकर्मियों ने आकर अपनी सफाई दी।

इस पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने चेकिंग जांच रिपोर्ट तैयार की और शनिवार की सुबह पुलिस कार्यालय आकर एसएसपी मंजूनाथ टीसी से मुलाकात कर ड्यूटी में लापरवाही बरतने की जानकारी दी। जिस पर एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा सहित चारों सिपाहियों को तत्काल निलंबित कर दिया। उधर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि एसपी सिटी काशीपुर की रात्रि चेकिंग में सभी आरोपी पुलिस कार्मिक नदारद पाए गए। ड्यूटी में लापरवाही बरतना गंभीर मामला है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा ड्यूटी से नदारद रहने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार