हल्द्वानी: ट्रांसपोर्ट नगर में खुद हटाओ अतिक्रमण वरना कल चलेगा बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ट्रांसपोर्ट नगर में  नालियों, सड़कों पर अवैध कब्जा करने वाले व्यापारियों की खैर नहीं है। प्रशासन ने व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस सौंपे हैं। चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो सोमवार से प्रशासन हटाएगा। 

अधिकारियों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर में भी व्यापारियों ने खूब अतिक्रमण किया है। नाली, सड़क, खाली प्लॉटों पर अवैध ढंग से कब्जे किए गए हैं। इसकी शिकायत मिलने पर ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना की निदेशक एवं सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने 100 से अधिक व्यापारियों को अतिक्रमण के नोटिस थमाए हैं।

उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि व्यापारी खुद ही अतिक्रमण हटाएं। बीते शुक्रवार को डीएम वंदना ने भी दौरा किया था। तब व्यापारियों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया था। इधर, प्रशासन भी अतिक्रमण ध्वस्तीकरण को लेकर पूरी तरह तैयार है। यदि आज व्यापारी स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते है तो कल (सोमवार) से अतिक्रमण जबरन हटाया जाएगा।  

ट्रांसपोर्ट नगर में 100 व्यापारियों को अतिक्रमण के लिए नोटिस भेजे हैं। रविवार तक की मोहलत है यदि व्यापारी स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो सोमवार से प्रशासन की टीम अतिक्रमण को ध्वस्त कर देगी। 
- ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी

कूड़ा उठान का भी देंगे शुल्क
ट्रांसपोर्ट नगर में व्यापारी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का शुल्क नहीं देते थे। इस वजह से नियमित कूड़ा उठान नहीं होता था। यहां वहां कूड़ा फेंकने से गंदगी रहती है। डीएम से वार्ता के बाद से व्यापारी यूजर चार्ज देने को तैयार हो गए है। कल से टीपी नगर से नियमित कूड़ा उठान भी होगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने कर्मचारियों को इसके लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। 

संबंधित समाचार