हल्द्वानी: उत्तराखंड के 600 गांव बने 'आयुष्मान गांव', भारत सरकार देगी सर्टिफिकेट
हल्द्वानी, अमृत विचार। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इस बार स्वास्थ्य विभाग प्रदेश के 600 गांवों को आयुष्मान गांव घोषित करने जा रहा है। इन सभी गांवों में 100 प्रतिशत लोगों के आयुष्मान कार्ड व आभा आईडी बन चुकी है। जिन्हें भारत सरकार की ओर से सर्टिफिकेट दिया जायेगा।
मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जनपद दौरे पर रहे। कोटाबाग में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद सीधे हल्द्वानी डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल (एसटीएच) पहुंचे। यहां उन्होंने बीते दिन कालाढूंगी घटगढ़ में हुए बस हादसे में घायल लोगों का हाल जाना। साथ ही प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी को घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अधिकांश मरीज ठीक होकर चले गये हैं। वर्तमान में चार मरीज भर्ती हैं, जो खतरे से बाहर हैं।
इस दौरान पत्रकारों से रूबरू होते हुए मंत्री डॉ. धन सिंह ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने में प्रदेश सरकार को इस बार दो मेडल मिले हैं। आभा आईडी बनाने का काम लगभग 63 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब तक करीब 62 लाख लोगों की आभा आईडी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में 100 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी बन चुकी है उन्हें आयुष्मान गांव घोषित किया जायेगा।
डॉ. रावत ने कहा कि अब तक प्रदेश के 800 से ज्यादा गांव टीबी मुक्त हो गये हैं। जैसे ही एक हजार गांव हो जायेंगे उन गांव के स्वास्थ्य अधिकारियों, आशाओं, एएनएम को मुख्यमंत्री व राज्यपाल की ओर से सम्मानित किया जायेगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी, एमएस डॉ. जीएस तितियाल, पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. परमजीत सिंह, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. एससी जोशी, रंजन बर्गली, संदीप कुकसाल, जनसंपर्क अधिकारी एसटीएच आलोक उप्रेती आदि मौजूद रहे।
अपर सचिव को भेजा है...जांच भी कराएंगे
एसटीएच में बीते दिन गरुड़ (बागेश्वर) निवासी बच्चे की मौत के मामले में पूछे गये सवाल का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अपर सचिव स्वास्थ्य नमामि बंसल को यहां भेजा गया है। जल्द भी कराएंगे। बहुत जल्द सारी व्यवस्थाएं दुरूस्त कर ली जाएंगी।
