काशीपुर: विवाहिता ने पति पर लगाया दहेज के लिए तीन तलाक देने का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। विवाहिता ने पति व ससुरालियों पर दहेज के लिए मारपीट के बाद तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कुंडा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने कुंडा थाना पुलिस को तहरीर सौंप बताया कि उसकी शादी मई 2020 को आसिफ निवासी कुंडा के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति आसिफ व ससुराली उससे खुश नहीं थे।
वह दहेज के लिए उसको शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। वर्ष 2021 में ससुरालियों ने मारपीट कर महिला को घर से निकाल दिया। इसके बाद पंचायत में समझौते के बाद वह दोबारा से अपने ससुराल में रहने लगी। आरोप है कि 11 अक्टूबर पति व ससुरालियों ने उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट की। साथ ही उस पर तलवार से हमला भी किया।
जिससे वह घायल हो गई इसके बाद ससुराल वाले मरा समझकर वहां से फरार हो गए। घायल अवस्था में उसने अपने भाई और मां को सारी घटना बताई। जिसके बाद वह कुंडा थाने आए और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना पुलिस के कहने पर वह मेडिकल के लिए काशीपुर के सरकारी अस्पताल जा रहे थे। इस दौरान कुंडा चौराहे पर उसके पति ने उसको रोक लिया और तीन तलाक देकर चला गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।
