रुद्रपुर: बाइक चोर से अंतरराज्यीय स्मैक सौदागर बने दानिश और राहत, जेल में हुई स्मैक माफिया नईम से मुलाकात
रुद्रपुर, अमृत विचार। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा गिरफ्तार दानिश और राहत अंतरराज्यीय स्मैक तस्कर बनने से पहले बाइक चोर थे। वर्ष 2020 में बाइक चोरी प्रकरण में जेल जाने के बाद वहां हुई स्मैक माफिया से मुलाकात के बाद दोनों ही आरोपी स्मैक की सप्लाई करने लगे। दोनों ही आरोपियों ने यूपी व उत्तराखंड को स्मैक तस्करी का ठिकाना बनाया है। पकड़े गए आरोपियों की मुलाकात स्मैक माफिया से जेल में हुई थी।
एएनटीएफ प्रभारी पावन स्वरूप ने बताया कि 260 ग्राम स्मैक के साथ पकड़े गए आरोपी दानिश और राहत खान से जब पूछताछ की तो पता चला कि दानिश व राहत वर्ष 2020 में थाना कैंट इलाके से बाइक चोरों की घटना में जेल जा चुके हैं। इसके बाद थाना शीशगढ़ व थाना प्रेमनगर पुलिस द्वारा कई चोरी की बाइकों के साथ वर्ष 2022 में एक बार फिर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरेली जेल भेज दिया था। जहां उनकी मुलाकात स्मैक तस्करी में बंद नईम उर्फ भूरा फरीदपुर बरेली यूपी से हुई।
उन्होंने बताया कि जमानत नहीं मिलने के कारण नईम ने दोनों ही आरोपियों को जल्दी धनवान बनाने का प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाया और स्मैक की सप्लाई करने के लिए तैयार कर अपने नेटवर्क से जोड़ लिया। वर्ष 2022 से दानिश व राहत स्मैक की सप्लाई में लग गए। पूछताछ में यह भी पता चला कि स्मैक की खेप लाकर आरोपी कई बार गोपनीय रास्तों से ऊधमसिंह नगर में आ चुके हैं। गिरफ्तारी व सुपुर्दगी करने के बाद पुलभट्टा पुलिस ने नईम के नेटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया और जल्द ही पूरे नेटवर्क की धरपकड़ की योजना भी बना डाली।
एसटीएफ पकड़ चुकी है 1.391 किलोग्राम स्मैक
रुद्रपुर। एसटीएफ की एएनटीएफ टीम ने विगत दिनों दो स्मैक के सौदागरों को गिरफ्तार कर प्रदेश की सबसे बड़ी खेप 521 ग्राम स्मैक बरामद की थी। जिसकी कीमत 50 लाख के करीब थी। वर्ष 2022 से 2023 तक एसटीएफ ने 1.39 किलोग्राम स्मैक के साथ कई आरोपियों को जेल भेज चुकी है और लगातार एएनटीएफ की टीम ने अभियान चलाकर 2025 तक प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की पहल शुरू की है।
