प्रयागराज: विवाहिता की मौत से नाराज लोगों ने जाम लगाने का किया प्रयास, पुलिस ने बमुश्किल खुलवाया...
नैनी, प्रयागराज। नैनी कोतवाली क्षेत्र के शाह जी के पूरा में रविवार को विवाहिता की संदिग्ध मौत से नाराज लोगों ने सोमवार शाम जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कर वहां से हटा दिया। शाह जी का पूरा निवासी सपना (24) पत्नी विजय फंदे से झूल गई थी। आनन फानन में उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार शाम को सपना के मायके कर्नलगंज से आए लोगों ने शव को महर्षि चौराहे पर रखकर जाम करने का प्रयास किया लेकिन नैनी कोतवाल यशपाल सिंह अपने हमराहियों के साथ पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम को हटवा दिया। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर रही है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: तेज हवाओं और बारिश ने बदला राजधानी का मौसम, छाया अंधेरा
