खरगे ने लगाया आरोप, कहा- सरकार ने चुनावों में सेना का राजनीतिक इस्तेमाल किया
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चुनावों में सेना का राजनीतिक इस्तेमाल किया है और इसके जरिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सेना की गरिमा को चोट पहुंचाई है।
उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने सेना को देशभर में 822 ऐसे सेल्फी प्वाइंट लगाने को कहा है जो सरकारी योजनाओं का प्रचार करे। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राष्ट्र की सुरक्षा करने वाले हमारे भारतीय सेना के वीर जवानों की लोकप्रियता को भुनाकर, मोदी जी स्वयं का प्रचार करवा रहें हैं।
चुनाव में सेना का राजनीतिक इस्तेमाल करके मोदी सरकार ने वो किया है जो 75 सालों में कभी नहीं हुआ है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी सरकार ने सेना को देशभर में 822 ऐसे सेल्फी प्वाइंट लगाने को कहा है जो सरकारी योजनाओं का प्रचार करे। इन झांकियों में सैनिकों के पराक्रम की गाथा के बजाय प्रधानमंत्री मोदी जी की बुतनुमा तस्वीर है और उनकी योजनाओं का गुणगान है।’’ उनका कहना था, ‘‘भारतीय सेना के शौर्य एवं बलिदान पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को बेहद गर्व है। ’’ खरगे ने आरोप लगाया कि राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा ने भारतीय सेना की गरिमा को चोट पहुंचाई है।
ये भी पढे़ं- राजस्थान में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को मिली जमानत, अदालत ने संपत्ति मामले में बिहार पुलिस को सौंपा
