Etawah News: सवारी बैठाने को लेकर हुआ विवाद… आधा दर्जन लोगों ने चालक व परिचालक को पीटा, लूट के बाद फायर भी झोंका
इटावा में आधा दर्जन हमलावरों ने रोडवेज बस चालक व परिचालक से की लूट।
इटावा में आधा दर्जन हमलावरों ने रोडवेज बस चालक व परिचालक से मारपीट करने के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने फायरिंग भी की।
इटावा, अमृत विचार। इटावा फर्रुखाबाद मार्ग पर थाना चौबिया क्षेत्र के अंतर्गत राहिन तिराहे के पास में एक रोडवेज बस के चालक व परिचालक के साथ करीब आधा दर्जन लोगों ने मारपीट की। मारपीट करने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस हमलावरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
बता दें कि, बस के चालक सरमन सिंह व परिचालक नाहर सिंह पुत्र राम वकील निवासी चतुरीपुर थाना किशनी जनपद मैनपुरी ने बताया वह सुबह करीब दस बजे इटावा डिपो की रोडवेज बस लेकर बरेली जा रहा था। जिसमें करीब 45 सवारी मौजूद थी। जैसे ही चालक ने गंगापुर चौराहे पर सवारी बैठाने को लेकर बस को रोका तभी पीछे से ऑटो सवार ने गाली गलौज करते हुए बस को रोकने का प्रयास किया।
बरेली हाइवे मार्ग राहिन तिराहे पर पहुंचने के दौरान करीब आधा दर्जन लोगों ने बस को रोक लिया। बस रोकने के बाद हमलावरों ने चालक व परिचालक के साथ मारपीट की। इसके साथ ही बस में तोड़फोड़ भी की। मारपीट करने के बाद चालक की जेब में रखे पैसे लेकर हमलावर फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। उधर, बस के शीशे तोड़ने से यात्री भी घायल हो गए।
जानकारी पाकर चौबिया पुलिस भी मौके पर पहुंची। इटावा एआरएम डीएम सक्सेना ने बताया कि हमलावरों ने चालक व परिचालक के साथ सवारी को लेकर मारपीट कर लूटपाट व फायरिंग की है। यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
