बरेली: पशु आश्रय स्थल की भूमि के अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर ने रिठौरा और क्यारा में खाली कराई जमीन

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। डीएम रविंद्र कुमार के निर्देश पर एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव ने गुरुवार को मुड़िया अहमदनगर में खलिहान और क्यारा में पशु आश्रय स्थल की जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ बुलडोजर चलवाया। लोगों ने विरोध भी किया मगर अधिकारियों ने समझाकर शांत करा दिया।

नायब तहसीलदार रिठौरा विदित कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने गुरुवार को मुड़िया अहमद नगर में बुलडोजर से अवैध अतिक्रमण हटाना शुरू किया तो कुछ महिलाओं ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि वह कई साल से जानवरों को बांध रहे हैं। वहीं नायब तहसीलदार चौबारी अनुजा अत्री के नेतृत्व में टीम ने ग्राम बेहटी जागीर, ग्राम पंचायत इटौवा सुखदेवपुर में पशु आश्रय स्थल की भूमि से अवैध कब्जा हटाया। ग्राम पंचायत में एक अस्थाई पशु आश्रय स्थल का निर्माण कराया जाना है। अवैध कब्जा होने की वजह से वहां पशु आश्रय स्थल का निर्माण नहीं हो पा रहा था। कब्जा हटाकर लोगों को चेतावनी दी गयी है कि दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।

 

संबंधित समाचार