अमरोहा : खेत में मिला सेवानिवृत तहसील कर्मचारी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
एक दिन पहले बिना बताए घर से निकले थे बुजुर्ग, एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, परिवार में मचा कोहराम
जसराम सिंह का फाइल फोटो।
अमरोहा, अमृत विचार। एक दिन पहले घर से निकले सेवानिवृत तहसीलकर्मी का शव शनिवार दोपहर नौगावां सादात थाना क्षेत्र में अकबरपुर पट्टी मार्ग पर खेत में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने पर एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र की शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय जसराम सिंह सदर तहसील में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वह 2017 में सेवानिवृत हो गए थे। उनके परिवार में पत्नी कमलेश के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां हैं। एक लड़के को उन्होंने गोद भी ले रखा था। शुक्रवार की दोपहर जसराम सिंह परिजनों को बिना कुछ बताए घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। रात होने पर परिजनों ने उनकी तलाश भी की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने वासुदेव चौकी पर उनके लापता होने की सूचना दी।
शनिवार दोपहर नौगावां सादात थाना क्षेत्र में अकबरपुर पट्टी मार्ग पर एक खेत में उनका शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराकर परिजनों को सूचना दी। सीओ अंजलि कटारिया ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है। मृतक जसराम सिंह के शरीर पर कहीं भी चोटों के निशान नहीं मिले हैं। सीओ ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : SL Vs NED World Cup 2023 : सदीरा समरविक्रमा के तूफान में उड़ी नीदरलैंड्स, श्रीलंका ने दर्ज की पहली जीत
