हल्द्वानी: पथरी से मरी या लापरवाही से, बताएगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पथरी के ऑपरेशन के नाम पर बेस अस्पताल में भर्ती की गई महिला की ऑपरेशन से पहले ही मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों पर शव ले जाने का दबाव बनाया जाने लगा। परिजनों के हंगामे और मंडलायुक्त दीपक रावत के दखल के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। 

माला चनौदा सोमेश्वर अल्मोड़ा निवासी लीला देवी पत्नी हरीश राम को पथरी की शिकायत थी। आरोप है कि बेस के साथ ही निजी अस्पताल में सेवा देने वाले एक चिकित्सक लीला का उपचार कर रहा था। उसी के कहने पर लीला को ऑपरेशन के लिए बीती 20 अक्टूबर को बेस में भर्ती किया गया था, लेकिन ऑपरेशन से पहले ही 24 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 9 बजे लीला की मौत हो गई।

जिसके बाद अस्पताल का स्टाफ परिजनों पर शव ले जाने का दबाव बनाने लगे और परिजनों ने इंकार कर दिया। रात ही परिजनों ने इसकी शिकायत मंडलायुक्त दीपक रावत से की। वह रात ही अस्पताल पहुंच गए और पड़ताल शुरू कर दी। मंडलायुक्त के दखल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि लीला की मौत किन कारणों से हुई है। वहीं बताया जा रहा है कि मंडलायुक्त ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। 

संबंधित समाचार