हल्द्वानी: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के चालक पर मुकदमा
हल्द्वानी, अमृत विचार। महिला को कुचलने वाले उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के बस चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना उस वक्त हुई जब नवरात्रि की अष्टमी पर महिला स्कूटी पर सवार अपने बेटे के साथ टाइल्स देखने जा रही थी।
पुलिस को दी तहरीर में आदर्श कालोनी चांदमारी ब्यूराखाम काठगोदाम निवासी गौरव जंतवाल पुत्र राजेन्द्र सिंह जंतवाल व उसकी मां ज्योति जन्तवाल बीती 22 अक्टूबर की सुबह 11 बजे देवलचौड़ रामपुर रोड के लिए निकले थे। रामपुर रोड होण्डा शोरुम के पास उत्तर प्रदेश के रामपुर डिपो की बस संख्या यूपी 22 टी 8192 ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी।
स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। गौरव बांयी ओर और उसकी मां ज्योति बस के नीचे आ गई। ज्योति का दांया पैर बस के टायर के नीचे आ गया और पेट फट गया। घटना के बाद चालक बस छोड़ कर मौके से फरार हो गया। एसटीएच के बाद एक निजी अस्पताल में ज्योति को मृत घोषित कर दिया गया। एसएसआई विजय मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। चूंकि मामले में सजा सात साल से कम है तो आरोपी को नोटिस भेजा गया है।
