Kanpur के पुलिस-प्रशासन की परीक्षा की घड़ी… CM Yogi के दो कार्यक्रम और 68 केंद्रों पर पीईटी परीक्षा, उमड़ी भारी भीड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम और 68 केंद्रों पर पीईटी परीक्षा है।

कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम और 68 केंद्रों पर पीईटी परीक्षा है। जिसको लेकर भारी भीड़ उमड़ी है। रोडवेज और रेलवे ने परीक्षार्थियों को कई सुविधाएं दीं।

कानपुर, अमृत विचार। शनिवार को शहर प्रशासन, लाखों शहरवासियों और परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा की घड़ी है। शहर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के पहले दिन शनिवार को 68 केंद्रों पर 67 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे और शनिवार को ही शहर में मुख्यमंत्री के दो कार्यक्रम हैं। पहला किदवईनगर में और दूसरा जेके मंदिर में।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए शहर के दोनों हिस्सों उत्तर और दक्षिण में कई जगह डायवर्जन लागू किया गया है। जगह-जगह आने-जाने पर पाबंदी है ऐसे में बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को दिक्कत हो सकती है। सीएम की जनसभा में एक लाख लोगों के आने का दावा है और 67 हजार परीक्षार्थी भी आ रहे हैं। ऐसे में भीड़ संभालने में शहर प्रशासन की भी परीक्षा होगी।

प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के पहले दिन शनिवार को 67 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। दो दिन में चार पाली में होने वाली परीक्षा में 1,34,880 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए 68 परीक्षा केंद्रों को बनाया गया है। सुरक्षा के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 81 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए है।

उधर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज व रेलवे प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई है। शहर में शनिवार को डायवर्जन भी लागू होगा। इसलिए समय पर केंद्र पहुंचने के लिए परीक्षार्थियों को तय समय से पहले निकलना होगा। परीक्षा केंद्रों के गेट आधे घंटे पहले बंद कर दिए जाएंगे। 

2 घंटा पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र

28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के कानपुर में दो कार्यक्रम हैं। इसलिए शहर भर में डायवर्जन किया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि परीक्षा केंद्र पर दो घंटा पहले पहुंच जाएं, क्योंकि गेट परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले बंद हो जाएगा। परीक्षा शुरू होने से काफी पहले पहुंचना सुनिश्चित करें। इसके अलावा अपने साथ प्रवेश पत्र व एक ऑरिजनल फोटो आईडी (आधार कार्ड/पहचान पत्र/ पासपोर्ट/ड्राइविंग लाइसेंस आदि) जरूर लाएं।

यह भी ख्याल रखें कि ओएमआर शीट पर प्रश्न पेपर का सही क्रमांक डालना अनिवार्य है। ओएमआर शीट पर क्रमांक सही दर्ज नहीं होने पर शीट का मूल्यांकन नहीं होगा। इसी तरह ओएमआर शीट में किसी भी गोले को आधा न भरें। गोला पूरा न भरने से कंप्यूटर में आंसर रिजेक्ट हो जाएगा। एक प्रश्न के लिए एक ही उत्तर को गोला करें। एक से ज्यादा गोला करने पर इस आंसर के लिए कोई मार्क्स नहीं मिलेंगे। नेगेटिव मार्किंग होगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक चौथाई अंक काटा जाएगा।

घर वापसी के लिए यह सुविधा

रोडवेज प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए लखनऊ-कानपुर रूट पर 50 बसें उपलब्ध कराई हैं। इसी तरह अमेठी से कानपुर वाया रायबरेली  रूट पर 90 बसें युवाओं के लिए उपलब्ध रहेंगी। उधर हमीरपुर से कानपुर और प्रयागराज से कानपुर वाया फतेहपुर के लिए 30 और बसों की व्यवस्था की गई है। झांसी से कानपुर दस बसों का संचालन होगा। 

प्रयागराज तक चलेगी मेमू

रेल प्रशासन ने पीईटी परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए गाड़ी सं 04130-04129 कानपुर – फतेहपुर मेमू ट्रेन का प्रयागराज तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। नए रूट पर ट्रेन संख्या 

04130 कानपुर – फतेहपुर मेमू ट्रेन का 28 से 29 अक्टूबर तक  प्रयागराज स्टेशन तक विस्तार किया गया। गाड़ी संख्या 04129 फतेहपुर – कानपुर मेमू 28 अक्टूबर से 30 तक प्रयागराज स्टेशन से चलेगी। विस्तारित मार्ग पर फतेहपुर से प्रयागराज के मध्य इस ट्रेन का खागा, भरवारी, सिराथु व सूबेदारगंज स्टेशनों पर ठहराव होगा। कानपुर – फतेहपुर के बीच सभी स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

शाम से आने लगे परीक्षार्थी

परीक्षा देने के लिए शहर में शुक्रवार शाम से ही परीक्षार्थी पहुंचने लगे। सेंट्रल स्टेशन और झकरकटी बस अड्डों में देर रात तक परीक्षार्थियों की भीड़ रही। सेंट्रल पर आए हुए परीक्षार्थियों को आरपीएफ और जीआरपी ने व्यवस्थित किया। उधर झकरकटी बस अड्डे पर भी परीक्षार्थियों के लिए पीने के पानी और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा की गई।

संबंधित समाचार