कासगंज: अंकित को मिला मुकाम, आखिरकार छू ही लिया आसमान
कासगंज, अमृत विचार। सफलता की पोषाक कभी तैयार नहीं मिलती इसे बनाने के लिए मेहनत का हुनर चाहिए। यह पंक्तियां अंकित के लक्ष्य पर सकीट साबित हो रही हैं। मां-बाप के सपने को पूरा करने का लक्ष्य तय कर सफलता की डगर पर आगे बढ़े कासगंज के लाल ने आखिरकार ऊंचाइयां छू ली हैं।
पुलिस सेवा में चयनित हुए अंकित की हैदराबाद में ट्रेनिंग पूरी हुई है। दिल्ली में दीक्षांत समारोह हो गया, अब उन्हें केरल में तैनाती मिलने वाली है। अंकित की सफलता पर उनकी सफलता पर पूरे परिवार में खुशियों का माहौल है। वर्ष 2021 में परीक्षा देने के बाद 22 में परिणाम आया। यूपीएससी में 594वीं रैंक हासिल कर अंकित पुलिस सेवा के लिए चयनित हुए। उसके बाद उन्हें प्रशिक्षण पर भेज दिया गया। उनका प्रशिक्षण हैदराबाद की पुलिस एकेडमी में हुआ। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शुक्रवार को दिल्ली में दीक्षांत समारोह हुआ है।
इस समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अमित शाह रहे। अंकित के परिवार को समारोह में आमंत्रित किया गया। कासगंज से पहुंचे परिवार के सदस्यों ने अंकित के समारोह में सहभागिता निभाई और खुशियां जताई।
ढोलना के निवासी हैं अंकित सिंह
मूलरूप से गांव ढोलना के रहने वाले अंकित सिंह के पिता रामप्रसाद स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनकी मां पुष्पा देवी बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन नगला विदारी पर शिक्षका हैं। फिलहाल यह परिवार शहर के आवास विकास कालोनी में रह रहा है।
माता-पिता और भाई बहन को दिया सफलता का श्रेय
अंकित को फोन पर शुभकमानाएं दी गई। अंकित का कहना है कि वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और भाई गौरव एवं बहन छाया सिंह को देता है। क्योंकि परिवार में इस तरह का अनुशासन और माहौल बनाया जिससे कि लक्ष्य से न भटक सकें।
पहले भी सफलता की ओर बढ़ता रहा अंकित
अंकित के पिता रामप्रसाद और मां पुष्पा देवी ने बताया कि अंकित ने वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी और वर्ष 2019 में संघ लोक सेवा अायोग की परीक्षा दी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा के परिणाम में उन्होंने डिप्टी एसपी पद की परीक्षा की सफलता हासिल की। जबकि संघ लोक सेवा आयोग के परिणाम में 788वीं रैंक मिली।
भाई है असिस्टेंट कमिश्नर
अंकित के बड़े भाई गौरव सिंह ने वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी। जिसमें परिणाम आने पर उन्होंने असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी के पद की योग्यता हासिल की। उनका प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और उन्हें तैनाती मिल चुकी है। समारोह में गौरव की पत्नी भी शमिल होने पहुंची।
यह भी पढ़ें- कासगंज: सात मदरसों ने किया सरेंडर, पांच को नोटिस...मची खलबली
