काशीपुर: ऊर्जा प्रदेश होने के बाद भी नहीं मिल रही फ्री बिजली: कठैत
काशीपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत ने कहा कि ऊर्जा प्रदेश होने के बाद भी यहां बिजली फ्री नहीं है। जबकि पंजाब जैसे राज्यों में किसानों के लिये बिजली फ्री की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि हमें विनाशक विकास नहीं चाहिए। हम इसके धुर विरोधी हैं। डैम बनाने के चक्कर में कई गांव बर्बाद हो चुके हैं। सरकार धार्मिक स्थलों का भी अधिग्रहण कर रही है। धार्मिक संस्कृति को विकास के नाम पर तहस-नहस किया जा रहा है।
सोमवार को केंद्रीय अध्यक्ष कठैत केंद्रीय संगठन मंत्री हरजाप सिंह के ग्राम धीमरखेड़ा स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों में अब मंथन है कि कांग्रेस और भाजपा ने वह राज्य बनाकर नहीं दिया जिसकी परिकल्पना की गई थी। शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी की देवभूमि की जो परिकल्पना थी उस पर दोनों ही पार्टियों ने कोई काम नहीं किया है। कहा कि संगठन मजबूत करने के लिये अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाएगा। इसके लिये 95 ब्लॉकों में मोहल्ला, बूथ, सेक्टर अध्यक्ष व प्रभारियों का गठन किया जाएगा। साथ ही राज्य आंदोलनकारियों को भी संगठन में जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के दुर्गम स्थानों पर रहने वाले लोगों तक निशुल्क गैस की सुविधा सरकार को पहुंचानी चाहिए।
केंद्रीय अध्यक्ष ने ली पदाधिकारियों की बैठक
काशीपुर। सोमवार को काशीपुर पहुंचे उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर आगामी निकाय, पंचायत व लोकसभा चुनाव के लिये कमर कसने को कहा। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिये वार्ड व ग्राम स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिये। वहां पर केंद्रीय कार्यालय प्रभारी सुनील ध्यानी, जिलाध्यक्ष जगदीश चंद्र बौड़ाई, शिव सिंह रावत, कुसुमलता बौड़ाई, अशोक सिद्धू, नंदलाल कांबोज, गिरीश अधिकारी, संजय रहेजा, जगत सिंह, देवकी नैनवाल, इंदर सिंह मनराल, आनंद सिंह असगोला, महेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
