भीमताल में बनेगा 10 शय्या का आयुर्वेदिक चिकित्सालय
भीमताल, अमृत विचार। भीमताल में विकास भवन में शीघ्र ही 10 शैय्या वाला आयुर्वेदिक चिकित्सालय अस्तित्व में आएगा। अब यह योजना फाइल से बाहर निकलकर धरातल में दिखाई देगी। केंद्रीय योजना के तहत शासन ने भेजे गए लगभग 7 करोड़ के प्रस्ताव के सापेक्ष एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
वहीं कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम के द्वारा इसकी निविदा भी निकाल दी है। वहीं शासन ने जिला औषधि भंडार व कार्यालय के लिए 2 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। मालूम हो कि भीमताल विकासखंड के अंतर्गत भीमताल शहर भीमताल विधानसभा का लगभग केंद्र बिंदु है।
अति दुर्गम क्षेत्र भीमताल विधानसभा होने के कारण यहां के अधिकांश मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में मैदानी क्षेत्र को अपने इलाज के लिए जाना करना पड़ता है ऐसे में भीमताल में 10 बैड का आयुर्वेदिक चिकित्सालय खुलने से गरीब और बीमार ग्रामीणों को कुछ राहत मिलेगी। मालूम हो कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत हर ब्लॉक में बड़े अस्पताल तो बनाए गए हैं पर उनमें डिस्पेंसरी तक की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते छोटे से छोटे और मामूली रोग के लिए भी लोगों को हल्द्वानी का रुख करना पड़ता है।
मामूली सी जांच के लिए भी हल्द्वानी का रुख करना पड़ता है
भीमताल विधान सभा के अन्तर्गत हर ब्लाक में चिकित्सालयों के विशालकाय भवन बने हुए हैं। पर चिकित्सकों व सुविधाओं के अभाव में यहां इलाज नाम मात्र का भी नहीं हो पाता है। हर वर्ष कई महिलाओं की मौत प्रसव के दौरान हो जाती है। इतना ही नहीं मामूली सी जांच के लिए भी गरीब और बीमार लोगों को हल्द्वानी का रुख करना पकड़ा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मदन नौलिया बताते हैं कि सरकारी अस्पताल में तो मामूली राशि की पर्ची बनाकर इलाज हो जाता है। पर इस इलाज को करवाने के लिए आने जाने में न्यूनतम दो हजार की धनराशि और रुकने और ठहरने के पैसे अलग से खर्च करने होते हैं। वहीं भीमतल चिकित्सालय में अब तक स्थानीय लोगों की अल्ट्रासाउंड होने की मांग आज तक पूर्ण नहीं हो सकी है।
शीघ्र ही भीमताल में 10 बैड का आयुर्वेदिक चिकित्सालय अस्तित्व में आ जाएगा। इसके लिए भूमि का चयन पहले ही हो गया है। औषधी भंडार और कार्यालय भी इसके समीप में बनेगा।
-डा. महेन्द्र सिंह गुन्ज्याल, जिला आयुवेर्दिक एवं यूनानी चिकित्साधिकारी
