कानपुर: नेशनल हॉकी खिलाड़ी के भाई की सड़क हादसे में मौत, एनिवर्सरी के दिन खुशियां मातम में बदली
कानपुर, अमृत विचार। नवाबगंज थानाक्षेत्र में रविवार रात हृदयविदारक हादसा हुआ। नेशनल हॉकी खिलाड़ी का बाइक सवार भाई डयूटी खत्म करके घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में वह सामने से आ रहे बाइक सवार फूड डिलीवरी ब्वॉय से टकराकर उछलकर वह काफी दूर जा गिरा। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने हैलट अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने खिलाड़ी के भाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक को परिजन इलाज के लिए अन्य किसी अस्पताल ले गए। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एनिवर्सरी के दिन घटना होने पर खुशियां मातम में बदल गईं।
कोतवाली थानाक्षेत्र के डीएवी कॉलेज के पास बाबाघाट निवासी विशाल वर्मा ने बताया कि वह नेशनल स्तर का हॉकी का खिलाड़ी है। बताया कि उसका सगा छोटा 24 वर्षीय भाई आकाश वर्मा विष्णुपुरी में प्राइवेट नौकरी करता था। बताया कि रविवार को उसकी एनिवर्सरी थी। वह रात 11 बजे के आसपास बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह विष्णुपुरी फल मंडी से कंपनी बाग चौराहे की ओर जाने के लिए बढ़ा ही था कि सामने से आ रहे बाइक सवार फूड डिलीवरी ब्वॉय से वह टकराकर काफी दूर जा गिरा। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। दोनों को सड़क से किनारे करके पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जीप से आनन-फानन हैलट अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने आकाश वर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं रात भर दूसरे युवक का इलाज चलने के बाद सुबह उसके परिजन रेफर कराकर दूसरे अस्पताल ले गए। पुलिस ने जैसे ही परिजनों को घटना की जानकारी दी तो चीख पुकार मच गई। घर पर गर्भवती पत्नी नीलू पहली एनिवर्सरी पर उसका इंतजार कर रही था। परिवार में सभी लोग इस खुशी को मनाने के लिए एकत्रित थें। जहां खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मृतक हेलमेट नहीं पहने हुए था।
मेहनत से पेट काट-काटकर पिता ने बढ़ाया
मृतक के बड़े भाई विशाल वर्मा ने बताया कि उनके पिता राजकुमार राजमिस्त्री हैं। बचपन से ही पिता ने पेट काट-काटकर दोनों बच्चों को पढ़ाया। मृतक आकाश परिवार में सबका दुलारा था। वह मेहनत करके प्राइवेट नौकरी करके अपने परिवार का खर्च चलाता था। वहीं वह नेशनल हॉकी प्लेयर हैं। मैच खेलने पर जो भी धनराशि मिलती है वह उससे परिवार के अन्य सदस्सों पर खर्चा करते हैं।
कोर्ट मैरिज करने के बाद अलग रहने लगा था
भाई विशाल ने बताया कि रविवार को ही आकाश की शादी की पहली वर्षगांठ थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। पिछले साल जब वह मैच खेलने बाहर गया था तभी उसने नीलू से कोर्ट मैरिज कर ली थी। वह गर्ग भवन के पास किराए पर कमरा लेकर पत्नी के साथ रहता था। लेकिन छोटा होने के चलते दोनों भाइयों में बहुत प्रेम था। रविवार रात वह शादी वर्षगांठ धूमधाम से मनाने के लिये घर आ रहा था तभी हादसे का शिकार हो गया। मृतक की मां कमलादेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया कि वह जब हॉकी मैच खेलने बाहर जाते हैं तो घर की देखरेख वहीं करता था।
फूड डिलीवरी ब्वाय की बाइक से टकराई बाइक
नवाबगंज इंस्पेक्टर रोहित तिवारी ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें कंपनी बाग से नवाबगंज की ओर जा रहे फूड डिलीवरी ब्वॉय की बाइक से हादसा होने की जानकारी हुई। स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बाइक के नंबर की पहचानकर तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-प्रतापगढ़: बिना मानचित्र बनवाए जमीन का कारोबार करने वालों पर कसेगा शिकंजा
