काशीपुर: विवाहिता ने ससुरालियों पर लगाया पांच लाख दहेज मांगने का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। विवाहिता ने ससुरालियों पर पांच लाख रुपए दहेज की मांग को लेकर मारपीट घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी पायल ने महिला हेल्पलाइन में तहरीर सौंप बताया कि उसका विवाह 22 अप्रैल 2023 को सुमित वर्मा निवासी मुरादाबाद के साथ हुआ था। विवाह के दौरान उसके परिजनों ने उपहार स्वरूप दान दहेज भी दिया था।
आरोप है कि विवाह के कुछ दिनों बाद उसके ससुरालियों ने जेवर बनाने की बात बताकर उसके पिता से कुल साढ़े आठ लाख रुपए लिये थे, लेकिन उसके पति ने वह सारा पैसा जुआ खेल कर बर्बाद कर दिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 24 जुलाई 2023 को वह ससुराल में काम कर रही थी। तभी उसका पति सुमित व ससुरालियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और पांच लाख रुपए अपने घर से लाने की बात बोली। वही नहीं लाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
