किच्छा शुगर मिल 15 नवंबर से शुरू करने की मांग
किच्छा, अमृत विचार। गन्ना किसानों की तमाम समस्याओं एवं किच्छा शुगर मिल को 15 नवंबर से प्रारंभ किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय के नेतृत्व में तमाम किसानों ने चीनी मिल के अधिशासी निदेशक त्रिलोक सिंह मर्तोलिया से भेंटकर चर्चा की।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. उपाध्याय के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधिमंडल चीनी मिल के प्रशासनिक भवन पहुंचा। इस दौरान उन्होंने अधिशासी निदेशक मर्तोलिया से भेंटवार्ता कर 15 नवंबर से पेराई सत्र प्रारंभ किए जाने की मांग करते हुए कहा कि समय पर पेराई सत्र प्रारंभ होने से गन्ने की सप्लाई के उपरांत समय पर किसान गेहूं की बुवाई कर सकेंगे।
कांग्रेस प्रदेश सचिव संजीव सिंह ने कहा कि जिले से सटे हुए यूपी बॉर्डर पर बहेड़ी एवं पीलीभीत चीनी मिल प्रारंभ हो चुकी है तथा बॉर्डर के किसान गेहूं की बुवाई जल्दी करने के लालच में उत्तर प्रदेश में गन्ना सप्लाई कर देंगे, जिससे प्रदेश का नुकसान होगा।
अधिशासी निदेशक मर्तोलिया ने बताया कि वर्तमान में बॉयलर मरम्मत का कार्य चल रहा है तथा मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद 20 या 22 नवंबर के बीच पेराई सत्र शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव संजीव कुमार सिंह, छोटे लाल कोली, राजकुमार पांडे, हरिश्चंद्र सिंह, मुन्ना लाल गुप्ता, शिवजी प्रसाद गुप्ता, एन यू खान, प्रभु जोशी, धनंजय सिंह, शरीफ अहमद, नरेश सक्सेना, मोहनलाल कोली आदि मौजूद रहे।
