रुद्रपुर: जिपं की चौकियों से माल-भाड़ा सुविधा शुल्क बंद करने के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी उदराज सिंह ने कहा कि ऊधमसिंह नगर जनपद में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाये। जनपद में उद्योग जगत की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि ओद्योगिक क्षेत्रों में मिट्टी भरान के लिए मिट्टी के लिए भटकना न पड़े, इसलिए पहले ही मिट्टी उठान के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है।

बुधवार को जिलाधिकारी ने यह बात जिला उद्योग मित्र की बैठक में अधिकारियों से कही। इस दौरान उद्यमियों ने जिला पंचायत द्वारा जनपद में अपनी चौकियों के माध्यम से वसूले जा रहे माल-भाड़ा सुविधा शुल्क बंद कराने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने अपर मुख्य अधिकारी को तत्काल माल-भाड़ा सुविधा शुल्क के संबंध में मार्ग-दर्शन के लिए शासन से पत्राचार करने के निर्देश दिये।

साथ ही शासन से जवाब आने तक माल-भाड़ा सुविधा शुल्क बंद करने के आदेश दिये। उद्यमियों ने बताया कि श्रम विभाग की ओर से उद्यमियों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। पत्रांक रहित पत्र भेजे जा रहे हैं।

इसका जवाब देते हुए जिलाधिकारी ने उद्यमियों से कहा कि पत्रांक रहित भेजे गये पत्रों की प्रति जीएम डीआईसी को उपलब्ध कराई जाए। ताकि संबंधितों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जा सके। उन्होंने भदईपुरा, गाबा चौक-जाफरपुर मार्ग पर एनएच पर बरसात में जलभराव की समस्या से अवगत कराया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक एनएचएआई को जल निकासी के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने ओमैक्स के सामने एनएच पर कट खुलवाने हेतु परिवहन, एनएचएआई, पुलिस विभाग के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के तहत परीक्षण करने के निर्देश दिये।

 

अधिसूचित इंडस्ट्रियल क्षेत्रों में नगर निकाय टैक्स नहीं वसूल सकते

रुद्रपुर। उद्यमियों ने बैठक में जिलाधिकारी को बताया कि परिसीमन के बाद नगर निगम में शामिल क्षेत्रों में स्थापित इंडस्ट्रीज को निगम द्वारा टैक्स के लिए नोटिस जारी किये जा रहे हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई इंडस्ट्री नोटिफाइड क्षेत्र से बाहर है तो उससे टैक्स न वसूलने से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा जायेगा। उन्होंने बताया कि अधिसूचित इंडस्ट्रीयल क्षेत्रों में नगर निकाय टैक्स नहीं वसूल सकते हैं।

बैठक में यह लोग रहे मौजूद

एडीएम जय भारत सिंह, केजीसीसीआई अध्यक्ष अशोक बंसल, एसईडब्ल्यूएस अध्यक्ष श्रीकर सिंहा, एसएसआईडब्ल्यूए के अध्यक्ष कृष्ण सत्यावली, पीडी एनएचएआई विकास मित्तल, क्षेत्रीय अधिकारी पीसीबी नरेश गोस्वामी सहित जनपद के उद्यमी एवं अधिकारी आदि।

संबंधित समाचार