हल्द्वानी: खुलासा : MP से आधे चोर, आधा माल पकड़ा, 15 दिन पहले महिंद्रा शोरूम में हुई थी चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। 15 दिन पहले महिंद्रा शोरूम में हुई चोरी का पुलिस ने आधे चोर और आधे माल के साथ खुलासा कर दिया है। दो शातिरों को पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है और अब पुलिस बाकी बचे माल और फरार दो चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लेने का दावा कर रही है। 

पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि बीती 14 अक्टूबर की रात कार सवार चोरों ने रामपुर रोड स्थित महिंद्रा शोरूम से 1 कुंतल 90 किग्रा की तिजोरी पार कर दी थी। बजरंग मोटर्स के नाम से ये शोरूम संजय अग्रवाल का है। चोरों ने तिजोरी रामपुर रोड के टांडा जंगल में तोड़ी और करीब 7 लाख रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए।

शोरूम से कुछ किमी की दूरी पर चोरों ने टांडा जंगल में हथौड़े से तिजोरी तोड़ी और माल लेकर फरार हो गए। चोर जिस कार से आए थे, उसे भी किराए पर लेकर आए थे। घटना के अनावरण के लिए 300 से अधिक सीसीटीवी खंगाले और 15 से अधिक टोल खंगालते पुलिस मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित तेजाजीनगर पहुंच गई। यहां से पुलिस ने मरीमाता मोरोद तेजाजीनगर इंदौर मध्यप्रदेश निवासी राहुल मोहित पुत्र कमल मोहिते और यहीं के करन चौहान पुत्र सीताराम चौहान को गिरफ्तार कर लिया।

इनके पास से चोरी में इस्तेमाल की गई कार संख्या एमपी 09 जेड वाई 6880 और दो लाख 30 हजार रुपये बरामद कर लिए। जिस लोहे के घन (हथौड़े) से तिजोरी तोड़ी गई थी मय तिजोरी पुलिस ने वो भी बरामद कर ली है। इस मामले में अन्य दो चोर विजय उर्फ काना व शिवा चौहान की तलाश की जा रही है, जो एमपी के ही रहने वाले हैं।

पुलिस टीम में एसएसआई महेंद्र प्रसाद, एसआई सुशील जोशी, एसआई जगदीप नेगी, एसआई पंकज जोशी, एसआई फिरोज आलम, हे.कां.त्रिलौक रौतेला, कां.बंशीधर जोशी, कां.नवीन राणा, कां.तारा सिंह, हे.कां.ललित कुमार व कां.अनिल गिरी थे।

संबंधित समाचार