रुद्रपुर: ड्यूटी लगाने की एवज में रिश्वत लेते प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी को विजिलेंस हल्द्वानी की टीम ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासनिक अधिकारी पर आरोप था कि पीआरडी जवान की ड्यूटी लगाने की एवज में अधिकारी ने दस हजार की रिश्वत मांगी थी। जब इसकी शिकायत विजिलेंस कार्यालय में की गई तो टीम ने अपना जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

01rdp10p

पीआरडी जवान ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी कुमार ग्राम सिकंदराबाद उझानी थाना मुजरिया बदायूं यूपी हाल निवासी कलेक्ट्रेट कॉलोनी रुद्रपुर द्वारा कई बार ड्यूटी लगाने का निवेदन किया गया। मगर हमेशा आरोपी अधिकारी द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत देने और ड्यूटी लगाने की बात कही। जिसके बाद काफी आग्रह के बाद प्रशासनिक अधिकारी ने दस हजार रुपये की रिश्वत फाइनल की। जिसकी सूचना तत्काल सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी कार्यालय को भेजी।

शिकायती पत्र मिलते ही विजिलेंस ने गोपनीय पड़ताल शुरू कर दी और शिकायत सही पाई गई। जिसके आधार पर बुधवार को सुनियोजित तरीके से पुलिस उपाधीक्षक विजिलेंस अनिल कुमार मनराल और निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी की टीम ने शिकायतकर्ता को पैसा लेकर घर पर भेजा और जैसे ही आरोपी प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी ने रकम को हाथ में पकड़ा वैसे ही विजिलेंस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और दस हजार रुपये बरामद कर सीज कर दिए। इस दौरान विजिलेंस की टीम ने आरोपी प्रशासनिक अधिकारी के घर पर भी छापा मारकर पड़ताल की।

प्रशासनिक अधिकारी के कार्य की होगी जांच

रुद्रपुर। जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत ने बताया कि रिश्वत प्रकरण में विजिलेंस की टीम द्वारा प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी कुमार की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। चूंकि वह अवकाश पर थे। तत्काल कार्यालय जाकर पूरे प्रकरण की विभागीय जांच करवाई जाएगी और जांच रिपोर्ट विभाग के निदेशक को प्रेषित की जाएगी। जिसके बाद ही प्रशासनिक अधिकारी के कार्यों की पड़ताल शुरू होगी। बावजूद आरोपी के निलंबन की संस्तुति जल्द की जाएगी। इसके अलावा ड्यूटी लगाने की आड़ में रिश्वतखोरी का मामला गंभीर है। जिसे गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार