बाराबंकी: इस बार छह दिन का होगा पंच दीपोत्सव का पर्व, भैयादूज के साथ होगा समापन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सुख सौभाग्य के साथ ही अंधेरे से प्रकाश की ओर ले जाने वाले महापर्व दीपावली पर इस बार महासंयोग निर्मित हो रहे हैं। तिथियों के बढ़ने के कारण पंच दीपोत्सव इस बार छह दिन के होंगे। 10 नवंबर को धनतेरस से पंच दीपोत्सव की शुरुआत होगी और 15 नवंबर को भैयादूज के साथ इसका समापन होगा।

जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. अखिलेश चंद्र शास्त्री ने बताया कि पंच दीपोत्सव में इस बार तिथियों के अंतर के कारण धनतेरस 10 नवंबर को है। कार्तिक कृष्णपक्ष की त्रयोदशी 10 नवंबर को दिन में 12:36 मिनट से 11 नवंबर को दिन में 1:59 बजे तक रहेगी। 11 नवंबर को दोपहर 1:58 बजे चतुर्दशी तिथि आ जाएगी। इस कारण 12 नवंबर को प्रात:काल में रूप चतुर्दशी का स्नान होगा। 12 नवंबर को मध्याह्न 2:12 बजे अमावस्या आ जाएगी। 

इसलिए 12 नवंबर को ही महालक्ष्मी पूजन और दीपोत्सव मनाया जाएगा। 14 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट होगा और भाई दूज का पर्व 15 नवंबर को मनाया जाएगा। आमतौर पर धनतेरस के दूसरे दिन नरक चतुर्दशी का पर्व मनाया जाता है। श्री शास्त्री ने आगे बताया कि दीपावली पर सौभाग्य और आयुष्मान योग का संयोग बन रहा है। 

सौभाग्य योग में की गई पूजा-अर्चना से सुख समृद्धि, वैभव एवं ऐश्वर्य में बढ़ोतरी होती है। पूजन के लिए प्रदोषकाल स्थिर लग्न एवं निशीथ काल फलदायी रहता है। कार्तिक मास के कृष्णपक्ष की अमावस्या तिथि 12 नवंबर को दोपहर 2.12 बजे से 13 नवंबर को दिन में 2.49 बजे तक रहेगी। उन्होंने बताया कि दीपावली के दिन पूजा का शुभ मुहूर्त प्रदोषकाल में शाम को 5:40 बजे से रात्रि 7:36 मिनट तक रहेगा। महा निशीथ काल मुहूर्त रात्रि 11:39 बजे से रात्रि 12:39 बजे तक है।

यह भी पढ़ें: गोरखपुर: सीएम योगी के गढ़ में दहाड़े अखिलेश, कहा- भाजपा सरकार नहीं बनवा पाई एक भी जिला अस्पताल

संबंधित समाचार