Ujjwala Yojana : चाहिए 960 रुपए का लाभ तो खर्च कीजिए 250 रुपए..
गैस एजेंसियों पर महिलाओं की भीड़, उज्ज्वला योजना में केवाईसी के नाम पर वसूली
सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार। गैस एजेंसियों पर 960 रुपए खाते में पाने के लिए उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। अपनी केवाईसी पूरी कराने में उन्हें पसीना आ रहा है। आरोप है कि पिछले दरवाजे से कर्मी निर्धारित धनराशि 250 रुपए से अधिक की वसूली कर रहे है। डर है दीपावली से पहले केवाईसी न हुई तो त्योहार का सरकारी तोहफा नकद धनराशि महिलाओं के खाते में नहीं जाएगा और लाभ पाने से वंचित रह जायेंगी।
चाहे कोई गैस एजेंसी हो उस पर पिछले दो दिनों से महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। एजेंसी कार्यालय के अंदर अपना आधार, बैंक खाता संख्या, मोबाइल नंबर आदि के लिए महिलाएं एक दूसरे पर गिरी पड़ रही। एजेंसी के बाहर परिजन बच्चों को संभाल रहे है। एक एजेंसी में 250 रूपए की रसीद काटने के लिए प्रबंधकों ने कई कर्मचारी लगा रखे है। दिनभर भीड़ का हिस्सा बनने के बाद भी अपनी केवाईसी न करा पाने वाली इन उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओ ने अब पिछले दरवाजे से 100 रूपए अधिक की वसूली कर पहले लाभ दिए जाने की शिकायत दर्ज कराना शुरू किया है। बुधवार को कोला की सावित्री साहिदा शकीला आदि कुछ महिलाओं ने अपनी शिकायत एसडीएम से की तो एजेंसियों में खलबली मच गई। इस बाबत पूछे जाने पर एचपी गैस एजेंसी के प्रबंधक आमिर खान ने बताया हर उज्ज्वला लाभार्थी से 250 रुपए जमा कराए जा रहे है। इनमें 60 रुपए पांच वर्ष के लिए बीमा का और 160 नई पाइप का मूल्य और शेष सर्विस चार्ज है।
केवाईसी को लेकर मिली शिकायतें
उज्ज्वला योजना के तहत केवाईसी को लेकर शिकायतें मिली हैं। कर्मियों को एजेंसियों की जांच के लिए निर्देश दिए गए हैं। जो भी जिम्मेदार होगा कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी, सोहावल
ये भी पढ़ें -वाराणसी : BHU शोध छात्रों का अनशन जारी, उठाई ये मांग
