रामनगर: बाघ ने महिला को मौत के घाट उतारा, तीन बाइक सवारो को किया घायल
रामनगर, अमृत विचार। घास काट रही महिला पर घात लगाकर बाघ ने हमला करते हुए एक महिला को मार डाला जब कि दो बाइकों पर सवार तीन युवकों भी बाघ ने हमला कर घायल कर दिया। लोगों के शोर मचाने पर बाघ भाग खड़ा हुआ। हैरत इस बात की है कि घास काट रही महिला पर जब बाघ ने हमला किया उस समय भी उसके आसपास काफी लोग थे मगर बाघ ने बेखौफ होकर उसपर हमला बोल दिया।
घटना तराई पश्चिम वन प्रभाग आमपोखरा रेंज के हाथीडगर क्षेत्र की बताई जाती है। महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। घटना स्थल के पास से गुजर रहे दो बाइकों पर तीन सवार लोगों पर बाघ ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
वन विभाग ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचा है। हाथीडगर निवासी 28 वर्षीय पूजा पत्नी नवीन चंद्र मवेशियों को घास काटने के लिए तराई पश्चित के आमपोखरा रेंज के हाथीडगर जंगल गई थी। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार घनी झाड़ियों में घात लगाकर बैठे बाघ ने महिला पर पीछे से हमला किया।
बताया कि शोर होने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। जिन्हें देखकर बाघ महिला को छोड़कर जंगल भाग गया। बताया कि बाघ ने महिला के सिर पर गंभीर रूप से हमला किया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला का पति गांव में ही नौकरी करता है। उसका मात्र तीन साल का एक बेटा भी है।
उधर एसडीओ प्रदीप कुमार धौलाखंडी ने बताया कि महिला के हमले के बाद बाघ ने मालधन से नई बस्ती पूछडी जा रहे कमलेश पाठक व मयंक पांडे निवासी नई बस्ती पूछडी पर भी हमला बोला है। दोनों बाइक पर सवार थे। वहीं हाथीगडर से पीरूमदारा आ रहे बाइक पर सवार हरीश चंद्र निवासी हाथीडगर पर भी हमला किया।
आमपोखरा रेंजर पूरण सिंह खनायत ने बताया कि जख्मी लोगों पर अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बाघ को हवाई फायरिंग और शोर शराबा करके भगाया गया है। घटना स्थल पर अलर्ट जारी किया गया है। मौके पर टीम तैनात कर दी गई है। हमलों को देखते हुए छोटे वाहनों से आवाजाही न करने को कहा गया है। घटना स्थल पर गश्त बढ़ा दी गई है। उधर ग्रामीणों ने महिला के पति को पर्याप्त मुआवजा देने के साथ विभाग में नोकरी देने की मांग भी की है।
