प्रयागराज : डिस्पोजल की दुकान में शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग, सदमे में कारोबारी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। कोतवाली थाना क्षेत्र के बहादुरगंज पुलिस चौकी के समीप शनिवार सुबह डिस्पोजल प्लास्टिक की दुकान में अचानक आग लग गई। भीड़ वाले इलाके में आग लगने के बाद अफरातफरी मच गयी। मोहल्ले के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और आग बुझाने में जुट गये। सूचना पाकर दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। इस घटना में कारोबारी की सदमे में मौत हो गयी। कारोबारी की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। करीब चार से पांच घंटे बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। आग से लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। 

जानकारी के मुताबिक कोतवाली इलाके के बहादुरगंज पुलिस चौकी के पास विनोद केसरवानी की अजय ट्रेडर्स के नाम से डिस्पोजल प्लास्टिक की बड़ी थोक की दुकान है। यह दुकान काफी पुरानी है। सड़क से करीब 85 फीट अंदर तक गोदाम बनी है। दुकान पर विनोद के दो बेटे राजू और अनूप केसरी रहते हैं। अनूप इसी दुकान में माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। पत्नी और बच्चे कल ही रात में शहर के कटरा स्थित मायके चले गए थे। अनूप अपने माता-पिता के साथ दुकान में थे। सुबह दस बजे अचानक शार्ट सर्किट आग दुकान में आग लग गई। आग तीन मंजिले मकान के पहले ग्राउंड फ्लोर पर लगी। बताशा मंडी में घनी आबादी के बीच यह मकान बना हुआ है, जिसमें ऊपर दूसरे तल पर परिवार रहता था, जबकि नीचे के तल पर और तीसरे तल पर दोना पत्तल का गोदाम बनाया गया था। आग लगने के बाद जब तक लोग समझ पाते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों को भीड़ जुट गई। 

सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास शुरु कर दिया । सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर घर के अंदर फंसे लोगों को कड़ी मशक्क्त के बाद बाहर निकालना शुरु किया। परिजनों को सकुशल बाहर निकाला गया। लेकिन विनोद केसरवानी घर से बाहर आने के लिए तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि उन्होंने खून पसीने से अपनी दुकान को खड़ा किया है। वह इसी में जलकर अपनी जान दे देगे, लेकिन बाहर नहीं आएंगे। किसी तरह उनको भी समझा कर बाहर निकाला गया। वही सदमा लगने के बाद उन्हें और उनकी पत्नी को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद विनोद केसरवानी की मौत हो गई। उनका बड़ा लड़का शहर के ही बलुआ घाट पर परिवार के साथ रहता है। आग लगने से लाखों रुपये के डिस्पोजल दोना, पत्तल, गिलास, चम्मच, कटोरी समेत आदि सामान नष्ट हो गए। 

ये भी पढ़ें -भदोही में 15 लाख से अधिक कीमत के अवैध पटाखों समेत दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार