रुद्रपुर: Rifle चोरी होने से थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस में मची खलबली
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस में उस वक्त खलबली मच गई जब एक घर में धावा बोलकर चोर ने अलमारी में रखी लाइसेंसी राइफल चुरा ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड-तीन थाना ट्रांजिट कैंप निवासी किरन सरदार ने बताया कि उसकी लाइसेंसी 315 बोर की राइफल घर में रखी हुई थी। 11 नवंबर की रात्रि साढ़े 11 बजे वह अपनी दुकान से घर लौटा तो मोंटी के दरवाजे का ताला खुला था और गेट का ताला टूटा हुआ पड़ा था। जिसके बाद जब घर की पड़ताल की तो पता चला कि चोर लाइसेंसी राइफल को चुरा ले गए। वहीं अलमारी का लॉक और हैंडल भी टूटा हुआ पड़ा था। मगर जेवरात व नगदी नहीं होने के कारण चोर लाइसेंसी राइफल ही चुराकर ले गए।
सूचना मिलने पर थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी सुंदरम शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने लाइसेंस धारक किरन सरदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर थाना प्रभारी सुंदरम शर्मा ने बताया कि लाइसेंसी राइफल का चोरी होने एक गंभीर अपराध है। जिसका जल्द पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की एक टीम बनाकर जांच में लगा दिया है और पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर रही है। जल्द ही राइफल चोर को गिरफ्तार कर पर्दाफाश किया जाएगा।
