हिंदू देवी-देवताओं और धर्म ग्रंथों का अपमान कर रहे स्वामी प्रसाद मौर्य: भूपेंद्र चौधरी
सपाइयों का दोहरा चरित्र है उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष मठ मंदिरों का कर रहे दर्शन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शिशु सदन पहुंचकर बच्चों को बांटे दिवाली के उपहार
रामपुर, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने मंगलवार को रामपुर पहुंचने पर दो टूक कहा, सपा के वरिष्ठ पदाधिकारी स्वामी प्रसाद मौर्य हिन्दू देवी-देवीताओं और धर्म ग्रंथों का लगातार अपमान कर रहे हैं। जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मठ-मंदिरों के दर्शन करते घूम रहे हैं यह उनका दोहरा चरित्र है और जनता सब कुछ जानती है।

शहर के मोहल्ला अंगूरी बाग स्थित राजकीय बाल गृह (शिशु सदन) में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अपराह्न करीब 3:15 बजे पहुंचे। उन्होंने और सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने शिशु सदन के मौजूद 46 बच्चों को उपहार स्वरूप भेंट कीं। शिशु सदन में तैनात सोशल वर्कर खुशबू ने बताया कि शिशु सदन क्लोज सर्किट कैमरों की माध्यम से मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह से भी जुड़ा है।
उनके साथ सांसद घनश्याम सिंह लोधी, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, पैक्स फेड के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, भारत भूषण गुप्ता, राजीव मांगलिक, बाकर खां समेत संगठन के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशवासियों के चेहरों पर मुस्कान आए, उनके जीवन में रोशनी हो यही प्रयास है। कहा कि पार्टी कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच में है और यही रिपोर्ट कार्ड लेकर समाज के बीच में जाएंगे।
रामपुर के विकास में शहर विधायक का व्यापक योगदान: भूपेंद्र
रामपुर, अमृत विचार: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शहर विधायक आकाश सक्सेना का जन्मदिन मनाया। उन्होंने विधायक को केक खिलाया और दीर्घायु की कामना की। भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू ने उन्हें बताया कि शहर विधायक आकाश सक्सेना का जन्मदिन है। जिस पर प्रदेशाध्यक्ष ने केक मंगवाकर केक कटवाया और शहर विधायक को केक खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि रामपुर आज विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसमें शहर विधायक का व्यापक योगदान है। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। वहीं, दूसरी ओर शहर विधायक आकाश सक्सेना के समर्थकों ने उनके जन्मदिन के अवसर पर वृद्धाश्रम में वृद्धों को भोजन कराया। साथ ही वृद्धजनों ने भी विधायक को आशीर्वाद दिया।
बाल दिवस पर सांसद ने बाल आश्रम में किया वस्त्र और मिष्ठान वितरण
वीर बाल दिवस के अवसर पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के साथ अंगूरी बाग स्थित राजकीय बाल गृह (शिशु सदन) में वस्त्र एवं मिष्ठान वितरण किया। सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने बताया कि हर वर्ष 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में पूरा भारत हर्ष और उल्लास के साथ मनाता आया है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के साथ पंचपर्व व बाल दिवस की खुशियां बांटने इन नन्हें- मुन्ने प्यारे बच्चों के बीच आया। वीर बाल दिवस पर श्री गोविंद सिंह जी महाराज के साहिबजादों के बलिदान को कोटि-कोटि नमन। साहिबजादों का पावन बलिदान युगों-युगों तक राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए हम सभी को प्रेरणा प्रदान करेगा।
