VIDEO : चार हाथ वाली लक्ष्मी कैसे पैदा हो सकती है? स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का पलटवार

VIDEO : चार हाथ वाली लक्ष्मी कैसे पैदा हो सकती है? स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का पलटवार

मुरादाबाद, अमृत विचार। लगातर अपने विवादित बयानों और सनातन पर हमलावर समाजवादी पार्टी के एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर विवादित बयान देकर राजनीति में भूचाल ला दिया है। दीपावली के पर्व पर सोशल मीडिया 'एक्स' पर किए अपने पोस्ट में उन्होंने मां लक्ष्मी को लेकर सवाल उठा दिए हैं। ‍‍‍वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पलटवार किया है।

चार हाथ वाली लक्ष्मी कैसे पैदा हो सकती है?
स्वामी प्रसाद मौर्य ने लिखा कि पूरे विश्व के प्रत्येक धर्म, जाति, नस्ल, रंग व देश में पैदा होने वाले बच्चे के दो हाथ, दो पैर, दो कान, दो आंख, दो छिद्रों वाली नाक के साथ एक सिर, पेट व पीठ ही होती है, चार हाथ,आठ हाथ, दस हाथ, बीस हाथ व हजार हाथ वाला बच्चा आज तक पैदा ही नहीं हुआ तो चार हाथ वाली लक्ष्मी कैसे पैदा हो सकती है? यदि आप लक्ष्मी देवी की पूजा करना ही चाहते हैं तो अपने घरवाली की पूजा व सम्मान करें जो सही मायने में देवी है क्योंकि आपके घर परिवार का पालन-पोषण, सुख-समृद्धि, खान-पान व देखभाल की जिम्मेदारी बहुत ही निष्ठा के साथ निभाती है।

 

आपको बता दें कि इससे पहले स्वामी प्रसाद मौर्य भगवान राम, रामचरितमानस और ब्राह्मणों को लेकर भी विवादित बयान दे चुके हैं। जिसके बाद उनपर मुकदमा भी दर्ज हुआ है। एक बार फिर विवादित बयान देकर वो चर्चाओं में बने हुए हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य के इस विवादित बयान के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, रामायण के अपमान पर चुप रहे समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की माता महालक्ष्मी जी के अपमान पर भी चुप्पी ये साबित करती है कि सपा प्रमुख ने ही स्वामी प्रसाद मौर्य को राष्ट्रीय महासचिव बनाकर सनातन हिंदू धर्म के अपमान का एजेंडा सौप रखा है। ये भी साबित हो गया है कि सपा प्रमुख का खुद को हिंदू बताना, विष्णु जी और परशुराम जी का मंदिर बनवाने की घोषणा और अपने पूजा पाठ का प्रचार कराना सब ढोंग है। अपनी तुष्टीकरण की राजनीति के कारण सपा प्रमुख हिंदू धर्म का अपमान कराने से बाज नहीं आने वाले। स्वामी प्रसाद मौर्य तो मानसिक रूप से दिवालिया हो गए है। वास्तव में उनके बयानों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ही की सोच है। सपा प्रमुख हिंदू धर्म और देवी देवताओं को अपमानित कराना बंद करे।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा की प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के दोहरे चरित्र को समझ चुकी है। स्वामी प्रसाद जी के विषय में सपा का क्या मत है उसे बताना चाहिए। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी के लोग सीजनल हैं जो चुनाव के समय आते हैं और तरह की बयानबाजी से लोगों का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। 

ये भी पढ़ें : World Cup 2023 : मुरादाबाद मंडल की शान मोहम्मद शमी गेंदबाजी से दिलाएंगे भारत को विश्वकप, अब तक झटके 14 विकेट