भीमताल: छिड़ाखान- मिडार- अमजड़ सड़क के लिए 46 लाख रुपये स्वीकृत
भीमताल, अमृत विचार। भीमताल विधानसभा के अंतर्गत ओखलकांडा के छिड़ाखान- मिडार- अमजड़ मोटर मार्ग मोटर मार्ग के लिए जिलाधिकारी नैनीताल ने आपदा मत से दो प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए 32 लाख रुपये गड्ढे भरान और 14 लाख रुपए दुर्घटना वाले स्थल पर दीवार आदि निर्माण के लिए दिए हैं। मालूम हो बीते शुक्रवार को इस सड़क में एक कैंपर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 9 लोगों की मौत हो गई थी।
हादसे के बाद क्षेत्र की जनता ने इस मोटर मार्ग में गड्ढे भरने और सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया था। इधर जिलाधिकारी नैनीताल ने स्थानीय जनता की मांग को संज्ञान में लेते हुए आपदा मत से 32 लाख रुपये गड्ढे भरने के लिए और 14 लाख रुपये दुर्घटना वाले क्षेत्र में दिवार आदि निर्माण के लिए स्वीकृत किए हैं।
मालूम हो कि लोक निर्माण विभाग भवाली के अंतर्गत 26. 28 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग की दशा स्थानीय जनता के मुताबिक काफी खराब है। इस मोटर मार्ग में कई स्थानों में कई मीटर तक लंबे और लगभग 1 फीट तक गहरे गड्ढे हैं। वहीं स्थानीय जनता ने अवगत कराया कि मोटर मार्ग में कई समय से झाड़ी कटान का कार्य भी नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग व पीएनजीएसवाई से विभाग के अधिकारियों के मुताबिक लोक निर्माण विभाग के द्वारा इस मोटर मार्ग के पुनः निर्माण व अन्य कार्य के लिए जनवरी 2023 में एक आगणन उत्तराखंड सरकार को पूर्व में दिया गया है।
इधर अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत भारत सरकार को भेजे गए फेस 3 के अंतर्गत प्रस्ताव की स्वीकृत होने की संभावना अधिक है। इधर जिलाधिकारी नैनीताल के द्वारा आपदा मद में इस मोटर मार्ग के लिए धन स्वीकृत करने के लिए स्थानीय जनता ने जिलाधिकारी का आभार जताया है
आपदा मद में जिलाधिकारी द्वारा धनराशि स्वीकृत की गई है। विभाग द्वारा निविदा भी आमंत्रित कर दी गई है। निविदा के स्वीकृत होने के 15 दिनों के भीतर कार्य को प्रारंभ कर दिया जाएगा।
-विश्व मोहन गिरी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग भवाली
