पश्चिम बंगाल: जयनगर में टीएमसी नेता की हत्या के मामले में तीन लोग गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

जयनगर के बामुनगाची क्षेत्र में तृणमूल क्षेत्र अध्यक्ष सैफुद्दीन लस्कर (47) की 13 नवंबर की सुबह उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लस्कर के समर्थकों ने दो कथित हमलावरों को पकड़ लिया था और उनमें से एक को पीट-पीट कर मार डाला। उन्होंने बताया कि एक अन्य को पुलिस ने बचा लिया और गिरफ्तार कर लिया। 

हत्या के सिलसिले में रविवार रात गिरफ्तार किए गए तीन लोग इलाके में तृणमूल कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। हालांकि, पीट-पीटकर मार डालने के सिलसिले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना के बाद, स्थानीय तृणमूल विधायक विश्वनाथ दास ने दावा किया था कि लस्कर की हत्या के पीछे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित गुंडों का हाथ था। घटना के बाद पड़ोसी दलुआखाली गांव में कई घरों में तोड़फोड़ और लूटपाट की गई और आग लगा दी गई। 

दलुआखाली के कुछ प्रभावित लोगों ने दावा किया कि चूंकि वे माकपा समर्थक हैं इसीलिए उनके घरों को निशाना बनाया गया और कई पर हमला किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस की मौजूदगी में उनके घरों में आग लगाई गई और दमकल गाड़ियों को आग बुझाने से रोका गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों को अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उनसे पूछताछ की जाएगी। 

ये भी पढे़ं- पांच चुनावी राज्यों में 1,760 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ, नकदी, शराब जब्त: निर्वाचन आयोग

 

संबंधित समाचार