बाजपुर: भूमिधरी अधिकार को लेकर आक्रोश रैली निकाली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। बीस गांव की 5838 एकड़ भूमि को लेकर आंदोलनकारियों ने नगर में तहसील परिसर से लेकर एसडीएम दफ्तर तक आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान एसडीएम दफ्तर परिसर में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट ने उन्हें बीस गांव की भूमि मामले को लेकर शासन-प्रशासन में चल रही प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए धैर्य बनाए रखने की अपील की।

बीस गांव की भूमि पर छीने गए मालिकाना हक पुन: वापस पाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से तहसील परिसर में पिछले करीब चार माह से भूमि बचाओ सत्याग्रह आंदोलन चल रहा है, लेकिन अभी तक उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। उनका कहना था कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शासन-प्रशासन व आंदोलनकारियों के बीच अनेक बार वार्ता हो चुकी है जिसमें उन्हें हर बार जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया जाता रहा है, लेकिन अब तक जितने भी वादे किए सब झूठे ही निकले हैं।

गुरुवार को तहसील परिसर में हुई बैठक में आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन के विरुद्ध रोष प्रकट किया। आंदोलन की आगे ही रूपरेखा तैयार करने के लिए सभी से सुझाव लिए गए। इसमें वक्ताओं ने आंदोलन को उग्र करते हुए रोड जाम करने व सरकारी दफ्तरों में तालाबंदी किए जाने एवं भाजपा नेताओं, मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों के आवास इत्यादि का घेराव करने, थालियां बजाने जैसे अनेक सुझाव रखे।

इस मौके पर नगरपालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते, सत्याग्रह आंदोलन के संरक्षक भाकियू प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा, सत्याग्रह के अगुवा रजनीत सिंह सोनू, मुहिम के संयोजक जगतार सिंह बाजवा, भाकियू के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष विक्की रंधावा, बिजेंद्र सिंह डोगरा, अजीत प्रताप सिंह रंधावा, आईपी बरार, भाकियू उग्राहा के प्रदेशाध्यक्ष जनकवि बल्ली सिंह चीमा, सतनाम सिंह रंधावा आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार