संविधान दिवस : प्रतिभा सम्मान समारोह में बोले पद्मश्री अजय कुमार- समाज के एक वर्ग को नीचे गिराने की होती रही साजिश

संविधान दिवस : प्रतिभा सम्मान समारोह में बोले पद्मश्री अजय कुमार- समाज के एक वर्ग को नीचे गिराने की होती रही साजिश

लखनऊ, अमृत विचार। किसी भी समाज का सबसे बड़ा नुकसान तब होता है जब उसे यह विश्ववास दिला दिया जाये कि वह बौद्धिक और सामाजिक स्तर पर बहुत नीचे है। समाज के एक वर्ग को सैंकड़ों साल से यही बताया गया। जिसके चलते हमारे समाज का नुकसान हुआ। यह कहना है पद्मश्री वैज्ञानिक अजय कुमार का। वह रविवार को  संविधान दिवस के अवसर पर सहकारिता भवन में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कन सेवा समिति की तरफ से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

पद्मश्री वैज्ञानिक अजय कुमार सोनकर ने कहा कि हमारे समाज में बहुत से प्रतिभावान लोग हैं, लेकिन उनकी सोच पर हमला किया गया। जिसकी वजह से बड़ा काम करने के लिए वह सोच ही नहीं पाते। हमें अपने लोगों के जेनेटिक कोड को रिसेट करने की जरूरत है। क्योंकि सदियों से एक वर्ग पर हमला होता रहा। वह अपने आप को कमतर आंकने लगे। जिसकी वजह से डैमेज हुआ।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मंदिर में किसी समाज के व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाता था, तो इसको उचित नहीं कहा जा सकता। क्योंकि यदि आप भगवान को मानते हो, तो वह आपके पिता समान है और एक पिता को यह कतई पसंद नहीं होगा कि उसके बच्चों को उसके पास आने से रोका जाये। आज जो प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। इस प्रयास से लोगों के अंदर उनकी प्रतिभा के बारे में जागरुकता आयेगी।

वैज्ञानिक और कन सेवा समिति के संरक्षक आरके. सोनकर ने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज के बच्चों को उनकी प्रतिभा के अनुसार मंच देना है। जिससे वह जीवन में आगे बढ़ सकें और उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकें। यह कार्यक्रम करीब दस सालों से चल रहा है। वहीं बीते चार साल से गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए काम हो रहा है। इसके अलावा  समाज के लोगों को अंधविश्वास से दूर और नशा मुक्ति की राह पर ले जाना भी हमारा उद्देश्य है। 

डॉ. राकेश कुमार चक ने कहा कि किसी भी राष्ट्र और समाज का तभी विकास हो सकता है जब वह स्वस्थ हो। यहां स्वास्थ्य का अर्थ आर्थिक, शैक्षणिक और शारीरिक तीनों स्तर पर बताया जा रहा है। जब तक इन तीनों स्तर पर चीजें व्यवस्थित नहीं होंगी तब तक विकास की बात अधूरी है।

यह भी पढ़ें : लखनऊ: संविधान दिवस पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित